रामनगर की मूलभूत समस्याओं को लेकर सद्भावना मंच ने सौंपा ज्ञापन

खबर सार :-
सामाजिक संगठन 'सद्भावना मंच जन चेतना समिति' की ओर से, रामनगर (पुरानी बस्ती) क्षेत्र के निवासियों ने संगठन के अध्यक्ष हेमराज गुरहानी के नेतृत्व में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुभाष कुमार को जिला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया।

रामनगर की मूलभूत समस्याओं को लेकर सद्भावना मंच ने सौंपा ज्ञापन
खबर विस्तार : -

श्री गंगानगरः रामनगर (पुरानी आबादी) क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सामाजिक संस्था सद्भावना मंच जन चेतना समिति ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। संस्था अध्यक्ष हेमराज गुरहानी के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुभाष कुमार से मिला और जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।

दुर्घटना का बढ़ा खतरा

ज्ञापन में बताया गया कि रामनगर का यह इलाका अत्यंत सघन जनसंख्या वाला है, जहां आवागमन के लिए केवल दो मुख्य मार्ग ही उपलब्ध हैं। इन मार्गों पर लगातार अव्यवस्थाएं बनी हुई हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उदाराम चौक से रवि चौक तक सड़क के बीच बने नाले के चैम्बरों पर रखे सीमेंट कवर बार-बार टूट जाते हैं। करीब 40 वर्ष पुरानी इस व्यवस्था के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस मार्ग से स्कूली बच्चों, बसों और भारी वाहनों का आवागमन होता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है।

कई बार की जा चुकी है शिकायत

इसके अलावा रवि चौक से हनुमान चौक तक अंडरग्राउंड विद्युत लाइन पिछले एक वर्ष से खराब है और तार खंभों पर लटके हुए हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि संबंधित विभाग को कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं वार्ड संख्या 14 स्थित श्रीकृष्ण मंदिर चौक पर लगा ट्रांसफार्मर भी जर्जर अवस्था में है और उसका फाउंडेशन कमजोर हो चुका है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

स्थाई समाधान की मांग

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि एलएनटी कंपनी द्वारा पिछले कई वर्षों से पानी और सीवरेज कार्यों के नाम पर सड़कों को बार-बार खोदकर अधूरा छोड़ दिया जाता है। कार्यों की उचित निगरानी के अभाव और अकुशल श्रमिकों के कारण क्षेत्र की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि गर्मी और आगामी बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं का स्थायी समाधान जल्द से जल्द कराया जाए। इस दौरान समिति के कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

अन्य प्रमुख खबरें