Morena Accident: बारातियों को लेकर उज्जैन जा रही बस पलटी, तीन की मौत, कई घायल

खबर सार :-
Morena Accident: मुरैना से उज्जैन शादी समारोह में जा रही बस कंचारी चौराहे के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 3 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं।

Morena Accident: बारातियों को लेकर उज्जैन जा रही बस पलटी, तीन की मौत, कई घायल
खबर विस्तार : -

Morena Accident: गुरुवार की सुबह नेशनल हाईवे-52 पर हुए एक भयानक सड़क हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे ब्यावरा सिटी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कंचारी चौराहे के पास हुई। 

मुरैना से उज्जैन जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार सभी यात्री एक ही परिवार के थे और वे उज्जैन में 1 मई को होने वाले एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के समय बस में लगभग 60 से 70 यात्री सवार थे। 

25 फीट तक घिसटती रही बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस काफी तेज गति से चल रही थी, तभी अचानक ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण हट गया। पलक झपकते ही बस सड़क पर पलट गई और करीब 20 से 25 फीट तक घिसटती चली गई। यह हादसा इतना भयानक था कि बस के पलटते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। इस दुखद हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान विष्णु उर्फ ​​अंशु (25), अभय (24) और बतोली देवी (60) के रूप में हुई है। ये सभी मुरैना जिले के राछेद गांव के निवासी थे। वहीं, कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

लोगों को क्रेन से बाहर निकाला

यह बस धर्मेंद्र ट्रैवल्स की थी, जिसका क्रमांक एमपी 70 जेडडी 6654 बताया गया है। हादसे के बाद, तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए। स्थानीय निवासियों की मदद से पुलिसकर्मी और एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचे। बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए एक क्रेन का इस्तेमाल करना पड़ा। तत्परता दिखाते हुए राहत टीमों ने घायलों को पास के अस्पतालों में पहुंचाया। हादसे की खबर मिलते ही राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार ब्यावरा के सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।

अन्य प्रमुख खबरें