Ahilyabai Holkar Smriti Dwar : केशव प्रसाद मौर्य का पुरानी सरकारों पर तीखा प्रहार, बोलें, विरोधी चित, मोदी राज में महापुरुषों को मिला असली हक!

खबर सार :-

Ahilyabai Holkar Smriti Dwar : गाजियाबाद में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की 301वीं जयंती पर भव्य स्मृति द्वार का शिलान्यास किया और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी के राज में ही महापुरुषों को असली सम्मान मिल रहा है।
Ahilyabai Holkar Smriti Dwar : केशव प्रसाद मौर्य का पुरानी सरकारों पर तीखा प्रहार, बोलें, विरोधी चित, मोदी राज में महापुरुषों को मिला असली हक!

खबर विस्तार : -

गाजियाबाद/लखनऊ: सियासत और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की लहर के बीच गाजियाबाद की धरती एक ऐतिहासिक पल की गवाह बनी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर पर एक समारोह के दौरान 'लोकमाता' अहिल्याबाई होल्कर (Ahilyabai Holkar)  की 301वीं जयंती के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस कार्यक्रम में उन्होंने न केवल जनता को संबोधित किया, बल्कि क्षेत्र की जनता को सौगात देते हुए बस डिपो के पास विधायक निधि योजना के तहत बनने वाले ‘लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी स्मृति द्वार’ (Ahilyabai Holkar Smriti Dwar) का शिलान्यास किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए 'एक पेड़ माँ के नाम' (Plantation Drive) अभियान के तहत वहां पौधारोपण भी किया।

Ahilyabai Holkar Smriti Dwar :  सनातन संस्कृति और न्याय की प्रतिमूर्ति थीं अहिल्याबाई

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भावुक नजर आए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का पूरा जीवन जनसेवा, निष्पक्ष न्याय और सनातन संस्कृति के संरक्षण की जीवंत प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने अपने शासनकाल में जो आदर्श व्यवस्था, बेमिसाल न्याय प्रणाली और लोककल्याणकारी नीतियां लागू की थीं, उसकी छाप आज भी इतिहास के पन्नों पर है। देश के कोने-कोने में बिखरे पड़े अनेक धर्मस्थलों (Religious Sites) के जीर्णोद्धार, उनके संरक्षण और भव्य पुनर्निर्माण का जो बीड़ा उन्होंने उठाया था, वह अद्वितीय है। जनसेवा को ही उन्होंने अपने जीवन का एकमात्र मूल मंत्र बना लिया था, जिसके कारण आज सदियों बाद भी जनता उन्हें भगवान की तरह पूजती है।

Ahilyabai Holkar Smriti Dwar :  पुरानी सरकारों पर तीखा प्रहार और ऐतिहासिक उपेक्षा का जिक्र

अपने संबोधन के दौरान श्री मौर्य ने पिछली सरकारों और पुरानी व्यवस्थाओं पर तीखा हमला बोलने से गुरेज नहीं किया। उन्होंने बेहद कड़े लहजे में कहा कि यह देश का दुर्भाग्य रहा कि एक लंबे समय तक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के महान और अद्वितीय योगदान को वह सम्मान नहीं दिया गया, जिसकी वह हकदार थीं। पिछली हुकूमतों ने देश की ऐसी महान विभूतियों के इतिहास को दबाने और उपेक्षित करने का काम किया।

Ahilyabai Holkar Smriti Dwar : मोदी सरकार में महापुरुषों को मिल रहा गौरव

डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि साल 2014 के बाद देश की सियासी और सामाजिक फिजा बदली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में जब देश और उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी, तब जाकर इन महान विभूतियों के गौरवशाली इतिहास और उनके योगदान को जन-जन तक पूरी प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने का कार्य शुरू हुआ। यही कारण है कि आज पूरे देश और प्रदेश में उनकी 300वीं जयंती को बेहद श्रद्धा, उल्लास और गौरव के साथ राष्ट्रीय पर्व की तरह मनाया गया।

डिप्टी सीएम ने मंच से खुले दिल से देश के मुखिया की तारीफ करते हुए कहा कि आज पूरा भारत  लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चरणों में शीश नवा रहा है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विशेष रूप से अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मोदी की प्रेरणा से ही आज भारत की सुप्त पड़ी संस्कृति,  महान परंपराओं और गौरवशाली व्यक्तित्वों को सम्मान मिल रहा है। अहिल्याबाई होल्कर का त्याग और उनका ओजस्वी जीवन आने वाली हर पीढ़ी के लिए राष्ट्रभक्ति का सबसे बड़ा प्रेरणा स्रोत है। उनके दिखाए गए न्याय के रास्ते पर चलते हुए आज हमारी सरकार भी समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े अंतिम व्यक्ति तक विकास, राशन और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

Ahilyabai Holkar Smriti Dwar :  क्षेत्रीय विकास के लिए विधायक की पीठ थपथपाई

इस विशाल जनसभा में उप मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद के स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जुझारू कार्यकर्ताओं और आम जनता का अभिनंदन किया। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक नन्द किशोर गुर्जर की पीठ थपथपाते हुए कहा कि वे चौबीसों घंटे अपने क्षेत्र के विकास, तरक्की और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा के साथ समर्पित होकर दिन-रात काम कर रहे हैं। स्मृति द्वार का यह निर्माण भी इसी कड़ी का एक हिस्सा है। इस समारोह के दौरान मंच पर गाजियाबाद के नवनिर्वाचित सांसद अतुल गर्ग,  क्षेत्रीय विधायक नन्द किशोर गुर्जर, भाजपा के जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह,  महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के साथ-साथ ब्लॉक प्रमुख कोमल गुर्जर भी मौजूद रहीं। इनके अलावा भारी संख्या में स्थानीय पार्षद, बीडीसी सदस्य, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, तमाम वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और हजारों की तादाद में क्षेत्रवासी आयोजन स्थल पर मौजूद रहे, जिससे पूरा इलाका भारत माता और लोकमाता अहिल्याबाई के जयकारों से गूंज उठा।

अन्य प्रमुख खबरें