झांसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.404 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार, मोंठ में जुआ खेलते पांच दबोचे

खबर सार :-

झांसी पुलिस ने बताया कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति के निर्देशन में की गई इन दोनों कार्रवाइयों को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
झांसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.404 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार, मोंठ में जुआ खेलते पांच दबोचे

खबर विस्तार : -

झांसीः झांसी पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा तस्करी और जुआ खेलने के आरोप में कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। एक ओर नवाबाद थाना पुलिस ने 1 किलो 404 ग्राम अवैध गांजा और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को पकड़ा, वहीं मोंठ थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए।

1.404 किलो गांजा और चोरी की बाइक बरामद

नवाबाद थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति अवैध गांजा लेकर खजुराहो हाईवे से करगुवां की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया और कच्चे रास्ते पर दो आरोपियों को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1 किलो 404 ग्राम अवैध गांजा और एक चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामजी रायकवार निवासी चिरगांव और आनंद अहिरवार निवासी समथर के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उनके खिलाफ पहले से चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

मोंठ में जुआ खेलते पांच गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में मोंठ थाना पुलिस ने ग्राम बम्हरौली बाईपास के पास हाईवे किनारे बने एक चबूतरे पर छापेमारी कर सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से जुए की फड़ से 6,700 रुपये नकद बरामद किए, जबकि आरोपियों की तलाशी में 3,350 रुपये और मिले। इस तरह कुल 10,050 रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए।

पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान पांच अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
 

अन्य प्रमुख खबरें