चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में उस समय बड़ा उबाल आ गया जब राज्य के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित जीएसटी घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद रविवार को पूरे पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किए। कई जिलों में आप कार्यकर्ता भाजपा कार्यालयों के बाहर पहुंच गए, जहां दोनों दलों के समर्थकों के बीच तीखी नारेबाजी और तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला।
सबसे ज्यादा तनाव लुधियाना और बठिंडा में देखने को मिला, जहां पुलिस को हालात संभालने के लिए भारी बल तैनात करना पड़ा। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच पंजाब का सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है।
लुधियाना में आप की शहरी इकाई ने मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। आप नेताओं का आरोप था कि ईडी की कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है और विपक्षी नेताओं को डराने की कोशिश की जा रही है।
स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और नारेबाजी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ कार्यकर्ता एक-दूसरे के बेहद करीब पहुंच गए, जिसके बाद धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई। इसी दौरान भाजपा के एक कार्यकर्ता के हाथ में चोट लग गई और खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से आप कार्यकर्ताओं की तरफ झाड़ू भी फेंकी गईं।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की भी मौजूदगी रही। भाजपा की ओर से प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान और वरिष्ठ नेता परवीन बंसल कार्यकर्ताओं का नेतृत्व करते दिखाई दिए। वहीं आप नेताओं ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
लुधियाना के गिल रोड स्थित दाना मंडी इलाके में आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा का पुतला भी फूंका। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब में ईडी की कार्रवाई कर राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
आप लुधियाना शहरी इकाई के अध्यक्ष जतिंदर खंगुरा ने कहा कि संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी गैरकानूनी है और यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए ईडी जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।
वहीं बठिंडा में भी भाजपा कार्यालय के बाहर तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। भाजपा कार्यकर्ता मंत्री संजीव अरोड़ा और मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान आप कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिस अधिकारियों ने दोनों गुटों के बीच मानव श्रृंखला बनाकर टकराव को रोकने की कोशिश की। मौके पर एसपी सिटी नरेंद्र सिंह और दो डीएसपी समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार के खिलाफ नारे लगाए और राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाया। वहीं आप समर्थकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर पंजाब विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया।
इसके अलावा जालंधर, होशियारपुर, मोहाली और बरनाला समेत कई जिलों में भी आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए। कई स्थानों पर केंद्र सरकार के पुतले फूंके गए और प्रदर्शनकारियों के हाथों में “ईडी-भाजपा गठजोड़ मुर्दाबाद” लिखी तख्तियां दिखाई दीं।
गौरतलब है कि ईडी ने शनिवार को करीब 100 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह इस गिरफ्तारी के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष जारी रखेगी। दूसरी ओर भाजपा का कहना है कि यह भ्रष्टाचार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई है और जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में पंजाब की राजनीति और अधिक गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।
अन्य प्रमुख खबरें
मिलिए मुख्यमंत्री सुवेंदु के निजी सचिव, IAS शांतनु बाला से
NDA विधायक दल के नेता चुने गए Himanta Biswa Sarma, 12 मई को लेंगे शपथ, PM Modi भी रहेंगे मौजूद
पंजाब मिनिस्टर संजीव अरोड़ा मनी लॉन्ड्रिंग केस सात दिन ईडी की रिमांड में
Vijay Thalapathy Oath Ceremony: जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में विजय थलापति का शपथ समारोह
विजय ने राज्यपाल से पेश किया दावा, तमिलनाडु में सरकार गठन की तैयारी तेज
शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के बाद राहुल गांधी का बिहार सरकार पर हमला
थलापति विजय के साथ किसने किया विश्वासघात? तमिलनाडु में सियासी साजिश
वोटर्स के नाम काटकर बने सीएम, सुवेंदु के शपथ के बाद अभिषेक बनर्जी का तंज
Suvendu Adhikari Oath Ceremony: सुवेंदु अधिकारी के साथ इन 5 मंत्रियों ने ली शपथ
TMC lost bengal election reasons: पश्चिम बंगाल टीएमसी की हार का कारण ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी?
बंगाल में हिंसा का दौर जारी, हावड़ा में बमबारी, धारा 144 लागू
West Bengal: सरकार गठन की तैयारी तेज, शाह करेंगे विधायकों संग बैठक, सीएम के नाम पर लगेगी मुहर
रोमांचक मोड़ पर पहुंची तमिलनाडु की राजनीति! पलानीस्वामी के दावे पर विजय की चेतावनी
बड़ा सियासी संकट! इस्तीफा न देने पर अड़ीं ममता, राज्यपाल ने भंग की विधानसभा