AUS W vs IND W 2nd ODI: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने एक बार फिर करोड़ों भारतीयों का सपना तोड़ दिया। शुक्रवार को निंजा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में भारत 5 विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 252 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे ऑस्ट्रेलिया 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कंगारू टीम के लिए जॉर्जिया वॉल (Georgia Voll) ने शानदार शतकीय पारी खेली।
भारत द्वारा दिए गए 252 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। अपनी आखिरी सीरीज खेल रही कप्तान एलिसा हीली सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद फोएबे लिचफील्ड और जॉर्जिया वॉल (Georgia Voll) ने दूसरे विकेट के लिए 119 रन की शानदार पार्टनरशिप की। लिचफील्ड 62 बॉल पर 80 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर आउट हुईं। उन्होंने अपनी पारी में 1 छक्का और 11 चौके लगाए। यहां से जॉर्जिया ने बेथ मूनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेकर की। इस दौरान जॉर्जिया ने शानदार सेंचुरी बनाई। उन्होंने 82 बॉल पर 13 चौके और 1 छक्के की मदद से 101 रन बनाए।
जबकि बेथ मूनी ने 34 बॉल पर 31 रनों का योगदान दिया। जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 36.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 252 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही कंगारू टीम ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। भारतीय टीम के लिए काशवी गौतम और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि क्रांति गौड़ को एक विकेट मिला।
इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट खोकर 251 रन बनाए। टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही। प्रतीका रावल (Pratika Rawal) और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 78 रन की पार्टनरशिप की। मंधाना 37 बॉल पर 31 रन बनाकर आउट हुईं, जिसमें चार चौके शामिल थे। जेमिमा रोड्रिग्स भी सिर्फ़ 11 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद प्रतीका तीसरे विकेट के तौर पर 52 रन और दीप्ति शर्मा चौथे विकेट के तौर पर 1 रन बनाकर आउट हुईं। 103 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद, भारत को कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) ने संभाला।
छोटी-छोटी पार्टनरशिप के ज़रिए, उन्होंने टीम को 9 विकेट पर 251 रन तक पहुंचाने में अहम रोल निभाया। हरमन आठवें विकेट के तौर पर आउट हुईं। दाएं हाथ की अनुभवी बैट्समैन ने 70 बॉल पर 54 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था। अमनजोत कौर ने 13, ऋचा घोष ने 22, काशवी गौतम ने 25 और क्रांति गौर ने 19 रन बनाए। डेब्यूटेंट वैष्णवी शर्मा 5 गेंदों पर 10 रन बनाकर नाबाद रहीं। ऑस्ट्रेलिया के लिए एश्ले गार्डनर, अलाना किंग और एनाबेल सदरलैंड ने दो-दो विकेट लिए। मेगन शुट्ट और निकोला कैरी ने एक-एक विकेट लिया। तीन मैचों की सीरीज़ का तीसरा और आखिरी ODI 1 मार्च को खेला जाएगा।