IND vs NZ 2nd T20 Live Score: ईशान किशन (Ishan Kishan) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की तूफानी पारियों की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा T20 मैच 7 विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 209 रनों का लक्ष्य रखा था। जिसे टीम इंडिया ने 15.2 ओवर में हासिल कर लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम ने अपने तय ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाए। डेवोन कॉनवे और टिम सीफर्ट ने टीम को शानदार शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने 3.2 ओवर में 43 रन जोड़े। कॉनवे 9 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सीफर्ट ने 13 गेंदों में 24 रनों की पारी खेली। जब स्कोर 43 रन पर पहुंचा, तब तक मेहमान टीम के दो विकेट गिर चुके थे। वहां से रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स ने तीसरे विकेट के लिए 27 गेंदों में 55 रन जोड़े, जिससे टीम का स्कोर 98 रन पर पहुंच गया। रचिन 26 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 4 छक्के और 2 चौके शामिल थे। फिलिप्स 19 रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान मिचेल सेंटनर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 27 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों की मदद से नाबाद 47 रन बनाए और अपनी टीम को एक बड़े टोटल तक पहुंचाया। भारत के लिए कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने एक-एक विकेट लिया।
खराब शुरुआत के बावजूद भारतीय टीम ने सिर्फ 15.2 ओवर में ही बड़ा टारगेट चेज़ कर लिया। टीम इंडिया को 6 रन के स्कोर पर दो शुरुआती झटके लगे, जिसमें संजू सैमसन (6) और अभिषेक शर्मा (0) आउट हो गए, लेकिन ईशान किशन (Ishan Kishan) ने कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 122 रनों की अहम साझेदारी की, जिससे टीम जीत की राह पर लौट आई।
ईशान 32 गेंदों में 76 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 4 छक्के और 11 चौके शामिल थे। उनके आउट होने के बाद, सूर्या और शिवम दुबे ने चौथे विकेट के लिए 37 गेंदों में नाबाद 81 रन जोड़े, जिससे टीम को आसान जीत मिली। सूर्या 37 गेंदों में 4 छक्के और 9 चौकों की मदद से 82 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि दुबे ने 18 गेंदों में 4 चौकों की मदद से नाबाद 36 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी, जैकब डफी और ईश सोढ़ी ने एक-एक विकेट लिया।