Kuldeep Yadav Reception: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव का मंगलवार को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में ग्रैंड रिसेप्शन हुआ। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) रिसेप्शन में शामिल हुए, जहां उन्होंने नवविवाहित जोड़े को अपना आशीर्वाद दिया। कुलदीप ने योगी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया, जबकि वंशिका ने हाथ जोड़कर नमस्ते किया। इसके अलावा सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी पहुंचे। कुलदीप यादव और वंशिका ने उनके पैर छुए। अखिलेश ने कुलदीप को गले लगा लिया।
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'X' पर रिसेप्शन की एक तस्वीर साझा करते हुए, CM योगी आदित्यनाथ ने लिखा, "आज (मंगलवार), मैं लखनऊ में भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव के शुभ विवाह के बाद आयोजित रिसेप्शन समारोह में शामिल हुआ और नवविवाहित जोड़े को अपना आशीर्वाद दिया।"
बता दें कि कुलदीप यादव ने 14 मार्च को उत्तराखंड के मसूरी में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका (Vanshika) के साथ शादी की। BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, मुख्य कोच गौतम गंभीर, साथ ही साथी खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल, शिखर धवन और रवींद्र जडेजा कुलदीप यादव के शादी के रिसेप्शन में शामिल हुए। इस भव्य रिसेप्शन में 900 से अधिक मेहमानों को आमंत्रित किया गया था। VVIP मेहमानों के लिए होटल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
कानपुर के रहने वाले हैं इस जोड़े ने 4 जून, 2025 को लखनऊ में एक समारोह में सगाई की थी, जिसमें करीबी परिवार और दोस्त शामिल हुए थे। उनकी शादी मूल रूप से नवंबर 2025 के लिए निर्धारित थी, लेकिन T20 विश्व कप के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। वंशिका कुलदीप यादव की बचपन की दोस्त हैं; उन्होंने कानपुर में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और फिर उच्च शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न चली गईं।
कुलदीप यादव हाल ही में T20 विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य थे। उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ केवल एक मैच में खिलाया गया था, जहाँ इस 'चाइनामैन' गेंदबाज ने तीन ओवरों में 14 रन देकर एक विकेट लिया था। कुलदीप यादव ने 2017 में भारत के लिए अपना अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू किया था। अब तक, उन्होंने 17 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें 22.42 की औसत से 76 विकेट लिए हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 120 एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय (ODI) मैचों में 194 विकेट लिए हैं। कुलदीप ने भारत के लिए 54 T20 मैच खेले, जिसमें 95 विकेट लिए।