केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: ई-रिक्शा को दूर से बंद करने वाले 'BAT BMS' ऐप पर एक्शन, प्ले स्टोर से हटाने के निर्देश

खबर सार :-

केंद्र सरकार ने 'BAT BMS' ऐप को Google Play Store और Apple App Store से हटाने का निर्देश दिया है। इस ऐप की मदद से ई-रिक्शा को दूर से ही बंद किया जा सकता था।
केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: ई-रिक्शा को दूर से बंद करने वाले 'BAT BMS' ऐप पर एक्शन, प्ले स्टोर से हटाने के निर्देश

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने ई-रिक्शा चालकों की सुरक्षा और सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए सड़क पर चल रहे ई-रिक्शा को दूर से बंद करने में सक्षम मोबाइल ऐप 'BAT BMS' को गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से हटाने का निर्देश जारी किया है। सूत्रों के अनुसार, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्रालय ने इस संबंध में गूगल और एप्पल दोनों कंपनियों को आवश्यक निर्देश भेज दिए हैं।

वायरल हुए थे वीडियो

हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कई वीडियो तेजी से वायरल हुए, जिनमें कुछ लोग कथित तौर पर 'BAT BMS' ऐप के माध्यम से ब्लूटूथ की सहायता से चलते हुए ई-रिक्शा को अचानक बंद करते हुए दिखाई दिए। इन घटनाओं ने ई-रिक्शा चालकों की सुरक्षा, यात्रियों की जान-माल और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। सरकार ने इसे संभावित साइबर और सार्वजनिक सुरक्षा जोखिम मानते हुए तत्काल कार्रवाई का फैसला लिया।

कैसे काम करता है ये एप

दरअसल, आधुनिक ई-रिक्शा में लगी लिथियम-आयन बैटरी के संचालन और निगरानी के लिए बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) का उपयोग किया जाता है। यह सिस्टम ब्लूटूथ के माध्यम से मोबाइल फोन से जुड़कर बैटरी की चार्जिंग, वोल्टेज, तापमान, करंट और अन्य तकनीकी जानकारियां उपलब्ध कराता है। लेकिन कम कीमत वाले कई ई-रिक्शा में इस्तेमाल किए जा रहे कुछ चीनी निर्मित बीएमएस में पर्याप्त साइबर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण यह सिस्टम अनधिकृत ब्लूटूथ कनेक्शन के प्रति संवेदनशील पाया गया।

बिना चालक की अनुमति के बंद हो जाता है ई-रिक्शा

सूत्रों के मुताबिक, 'BAT BMS' ऐप डाउनलोड करने वाला कोई भी व्यक्ति यदि किसी ई-रिक्शा के लगभग 10 से 15 मीटर की दूरी में पहुंच जाता है, तो ऐप बिना चालक की अनुमति के बीएमएस से कनेक्ट हो सकता है। इसके बाद बैटरी के डिस्चार्ज स्विच को बंद कर मोटर तक बिजली की आपूर्ति रोक दी जाती है, जिससे ई-रिक्शा तुरंत चलना बंद कर देता है। ऐसी स्थिति सड़क दुर्घटना या अन्य गंभीर घटनाओं का कारण बन सकती है।

सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा

सरकार का मानना है कि इस तरह की तकनीकी खामी का दुरुपयोग कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। इसी कारण संबंधित ऐप को डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाने का निर्णय लिया गया है। विशेषज्ञों का भी मानना है कि ई-रिक्शा निर्माताओं को सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम अपनाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। सरकार पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक होने पर आगे भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

यह भी पढ़ेंः-HCL Tech की सबसे बड़ी AI डील! यूरोप की फॉर्च्यून ग्लोबल 50 कंपनी से 1.14 अरब डॉलर का मिला मेगा कॉन्ट्रैक्ट
 

अन्य प्रमुख खबरें