किसानों को चार से छह मई तक रहना होगा सतर्क, क्रॉप वेदर वॉच ग्रुप ने दी ये चेतावनी

खबर सार : -
क्रॉप वेदर वॉच ग्रुप की बैठकें किसान हित में होती हैं। ज्यादातर इसमें कृषि निदेशालय के अधिकारी मौजूद रहते हैं। बैठक में भविष्य के मौसम की जानकारी विभाग से लेकर दी जाती है।

खबर विस्तार : -

लखनऊः क्रॉप वेदर वॉच ग्रुप की ओर से हाल में ही एक बैठक की गई। इसमें डॉ संजय सिंह, महानिदेशक कृषि अनुसंधान परिषद ने किसानों को अगले दो सप्ताह तक खेती को व्यवस्थित करने के सुझाव दिये हैं। आने वाले दिनों में फसलों के लिए काफी कुछ करना है। इसलिए किसानों को मौसम और खेती के प्रति सावधान किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग से मौसम पूर्वानुमान की जो जानकारी मिली हैं, उसको किसानों तक पहुंचाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, चार और छह मई को कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। सप्ताह के शुरूआत और आखिरी दिनों में प्रदेश के उत्तरी भाग में हल्की बारिश हो सकती है। यहां तापमान भी कम रहने की संभावना है। इसी क्रम में एक मई को प्रदेश के उत्तरी पूर्वी मैदानी क्षेत्र में भी मौसम खराब था। इसी तरह 09 से 15 मई तक प्रदेश के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर कई कृषि जलवायु अंचलों में हल्की बारिश हो सकती है। 

तापमान सामान्य से कम रहने की उम्मीद

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सात दिनों के औसम तापमान में भी कमी रहने की संभावना है। इसके बदलते स्वरूप को लेकर विभाग दैनिक स्तर पर चेतावनी भी दे रहा है। इस संबंध में अगले कुछ घंटो के दौरान की मौसम चेतावनियां सचेत ऐप पर जारी की जा रही हैं। किसानों के जो खेत खाली हैं, उनमें गहरी जुताई करें, जिससे मृदा में दबे खरपतवार के बीज व कीट नष्ट हो जायें।