सुल्तानपुर में शिक्षकों का 22 सितंबर का धरना स्थगित, लंबित समस्याओं के समाधान पर बनी सहमति

खबर सार :-

सुल्तानपुर में परिषदीय शिक्षकों का 22 सितंबर को प्रस्तावित धरना स्थगित हो गया। बीएसए की मध्यस्थता में लंबित समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण पर सहमति बनी।
सुल्तानपुरः लंबित समस्याओं के समाधान पर बनी सहमति, धरना स्थगित

खबर विस्तार : -

सुल्तानपुर: परिषदीय शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर 22 सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) उपेंद्र गुप्ता की मध्यस्थता में शिक्षक संघ और वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के बीच हुई लंबी वार्ता में समस्याओं के बिंदुवार और समयबद्ध निस्तारण पर सहमति बनी। इसके बाद वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय की ओर से कार्यवृत्ति जारी की गई, जिसके आधार पर शिक्षक संघ ने प्रस्तावित आंदोलन टालने का फैसला लिया।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर 15 सितंबर को वित्त एवं लेखाधिकारी राम बचन राम को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा था। संघ ने चेतावनी दी थी कि यदि 21 सितंबर तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 22 सितंबर को वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

बीएसए की मध्यस्थता में हुई वार्ता

मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए उपेंद्र गुप्ता ने सोमवार को वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के संबंधित कर्मचारियों और शिक्षक संघ के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया। बैठक में शिक्षकों से संबंधित लंबित प्रकरणों पर बिंदुवार चर्चा की गई। वार्ता के दौरान अवशिष्ट भुगतान, सामूहिक बीमा, ग्रेच्युटी, जीपीएफ लेजर, लेखा पर्ची और प्रान नंबर आवंटन समेत कई मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने लंबे समय से लंबित मामलों के जल्द निस्तारण की मांग रखी।

बैठक कई घंटे तक चली। चर्चा के बाद वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय की ओर से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की गई। इसकी जानकारी कार्यवृत्ति के माध्यम से दी गई। कार्यालय की ओर से शिक्षक संघ से प्रस्तावित धरना स्थगित करने की अपील भी की गई।

कार्यवृत्ति के बाद आंदोलन टला

वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी कार्यवृत्ति में समस्याओं के निस्तारण को लेकर तय समयसीमा और प्रक्रिया का उल्लेख किया गया। इसके बाद शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और संघर्ष समिति ने आपस में विचार-विमर्श किया। संगठन ने तय किया कि फिलहाल 22 सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन स्थगित किया जाएगा। संघ ने उम्मीद जताई कि वार्ता में बनी सहमति और कार्यवृत्ति में तय समयसीमा के अनुसार शिक्षकों की सभी लंबित समस्याओं का समाधान किया जाएगा। जिला प्रवक्ता निजाम खान ने कहा कि संघ को भरोसा है कि कार्यवृत्ति में निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी मामलों का निस्तारण कर दिया जाएगा। उन्होंने वार्ता के जरिए समस्या के समाधान की पहल करने के लिए बीएसए उपेंद्र गुप्ता के प्रति आभार जताया।

शिक्षक संघ के पदाधिकारी रहे मौजूद

वार्ता में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय, जिला मंत्री डॉ. हृषिकेश भानु सिंह, जिला प्रवक्ता निजाम खान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा, संयुक्त मंत्री प्रशांत पाण्डेय और कोषाध्यक्ष जय प्रकाश वर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा विनोद यादव, राम बहादुर मिश्रा, धीरेन्द्र राव, अंजनी शर्मा, नरेंद्र पाण्डेय, सूर्यकांत तिवारी और अंजनी नंदन पाण्डेय समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय की ओर से लेखाकार संतोष, किशन लाल और नेहा श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। वार्ता के बाद फिलहाल टले आंदोलन से विभागीय स्तर पर लंबित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। अब शिक्षक संघ की नजर कार्यवृत्ति में तय समयसीमा के भीतर समस्याओं के समाधान पर रहेगी।

यह भी पढ़ेंः-चाकसू नगर पालिका की नवनिर्वाचित चेयरमैन पुष्पा शर्मा 24 सितंबर को संभालेंगी पदभार

अन्य प्रमुख खबरें