गल्ला व्यापारी पर जानलेवा हमले का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में चार आरोपी गिरफ्तार

खबर सार :-

झांसी में गल्ला व्यापारी पर जानलेवा हमले के मामले का पुलिस ने खुलासा किया। सीपरी बाजार पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गल्ला व्यापारी पर जानलेवा हमला: पुलिस मुठभेड़ में 4 आरोपी गिरफ्तार

खबर विस्तार : -

झांसी: सीपरी बाजार थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने गल्ला व्यापारी पर जानलेवा हमले के मामले का खुलासा करते हुए चार वांछित आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान चारों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा। जवाबी फायरिंग में सीपरी बाजार थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, हालांकि वह पूरी तरह सुरक्षित रहे।

पुलिस के मुताबिक, रविवार 16 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गल्ला व्यापारी पर हमले के मामले में वांछित आरोपी भोजला मंडी के पीछे लकारा गांव जाने वाली पुलिया के आसपास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर सीपरी बाजार थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चारों आरोपियों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर मौके पर गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम कुशवाहा (25), सुरेन्द्र कुशवाहा (25), आकाश कुशवाहा (22) और प्रदुम्न कुशवाहा (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी दतिया और निवाड़ी जिले के रहने वाले हैं।

चार तमंचे और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार देशी तमंचे 315 बोर, छह खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक बिना नंबर की टीवीएस स्टार सिटी मोटरसाइकिल और 785 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पर हुई फायरिंग और जवाबी कार्रवाई को लेकर सीपरी बाजार थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लूट के इरादे से बनाई गई थी योजना

एसपी सिटी प्रीती सिंह के अनुसार, पुलिस जांच में सामने आया है कि व्यापारी पर हमला लूट के इरादे से किया गया था। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी शिवम कुशवाहा गल्ला व्यापारी प्रशांत गुप्ता के यहां पल्लेदारी का काम करता था।

पुलिस के मुताबिक, 12 अगस्त को शिवम काम पर नहीं पहुंचा था। इसके बजाय वह भोजला मंडी में मौजूद रहा और अपने तीन साथियों को व्यापारी की गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी देता रहा। आरोपियों ने व्यापारी की आवाजाही पर नजर रखी और उसके साथ लूट की योजना बनाई। पुलिस ने बताया कि सुरेन्द्र कुशवाहा के दो साले प्रदुम्न कुशवाहा और आकाश कुशवाहा भी इस वारदात में शामिल थे। चारों ने मिलकर व्यापारी को रास्ते में रोककर लूटने की साजिश रची थी।

बूढ़ा पुल के पास व्यापारी पर चलाई थी गोली

मामला 12 अगस्त का है। उमेश गुप्ता ने सीपरी बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह भोजला स्थित विशिष्ट गल्ला मंडी से स्कूटर पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बूढ़ा पुल के पास राधिका ऑर्चिड कॉलोनी और सरोज हॉस्पिटल के बीच बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा किया और उन्हें रोकने का प्रयास किया।

शिकायत के अनुसार, जब उमेश गुप्ता ने स्कूटर नहीं रोका तो बदमाशों ने पीछे से गोली चला दी। गोली उनकी कमर के बाईं ओर लगी। घायल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और स्कूटर चलाकर सरोज हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया गया।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। सीपरी बाजार थाने में धारा 109(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

दो टीमों को लगाया गया था आरोपियों की तलाश में

घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने दो पुलिस टीमों का गठन किया था। टीमों को आरोपियों की पहचान करने, उनकी गतिविधियों पर नजर रखने और गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद रविवार को मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लकारा गांव जाने वाली पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, यहीं आरोपियों ने टीम पर फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई में चारों घायल हो गए।

पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है। बरामद हथियारों और वाहन को कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार आरोपियों तक कैसे पहुंचे और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

यह भी पढ़ेंः-West Bengal: कांग्रेस नेता और बेटे की गोली मारकर हत्या, विपक्ष ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

अन्य प्रमुख खबरें