त्योहारों से पहले सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, डीएम ने अधिकारियों को दी सख्त समयसीमा

खबर सार :-

झांसी में त्योहारों से पहले सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए डीएम गौरांग राठी ने विभागवार लक्ष्य और समयसीमा तय की। लापरवाही पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
त्योहारों से पहले सड़कों को गड्ढामुक्त करने की तैयारी

खबर विस्तार : -

झांसीः त्योहारों से पहले जिले की बदहाल सड़कों को गड्ढामुक्त और आवागमन के लिए सुरक्षित बनाने को लेकर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने अधिकारियों पर शिकंजा कस दिया है। कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में देर शाम आयोजित सड़क मरम्मत, पैचवर्क और नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम ने विभिन्न विभागों के लिए लक्ष्य और समयसीमा तय की।

डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। डीएम स्वयं सड़कों का भौतिक सत्यापन करेंगे और निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, जल निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आवास एवं विकास परिषद, मंडी विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों को त्योहारों से पहले सड़कें दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

97 किलोमीटर सड़कों के जीर्णोद्धार की बनेगी कार्ययोजना

नगर निगम क्षेत्र में जल निगम की ओर से पाइपलाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त हुई करीब 97 किलोमीटर सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि अगले चार से सात दिनों के भीतर इन सड़कों का सत्यापन कराया जाएगा। जल निगम को 10 दिनों में 27 किलोमीटर सड़क को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य दिया गया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि जल निगम निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं करता है तो नगर निगम स्वयं सड़क की मरम्मत कराएगा और खर्च की वसूली जल निगम से की जाएगी।

PWD के लिए अलग-अलग समयसीमा तय

लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के तहत करीब 210 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य की समीक्षा की गई। डीएम ने स्टेट हाईवे और प्रमुख जिला मार्गों का काम 10 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं अन्य जिला मार्गों को 20 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने की समयसीमा तय की गई। निर्माण खंड-3 के अंतर्गत करीब 248 किलोमीटर सड़कों का लक्ष्य रखा गया है। इसमें स्टेट हाईवे, प्रमुख जिला मार्गों के अलावा मोंठ-समथर, गुरसराय-कोटरा और बेदोरा मार्ग भी शामिल हैं। इन सड़कों का काम 20 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि सड़कों पर चल रहे कार्यों का औचक भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। निरीक्षण में मानकों के अनुरूप काम नहीं मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

PMGSY की 37 किलोमीटर सड़क का पैचवर्क लंबित

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 25 सड़कों के करीब 37 किलोमीटर हिस्से में पैच मरम्मत का काम अभी लंबित है। डीएम ने अधिकारियों को यह काम 15 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की डे-टू-डे मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि निर्धारित समयसीमा में सभी सड़कें दुरुस्त की जा सकें।

दो प्रमुख सड़कों पर जल्द होगा ब्लैकटॉप

उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद को नगर निगम की ओर से मिली दो सड़कों पर कुल 3.5 किलोमीटर ब्लैकटॉप का काम बाकी है। इसमें एनएच-27 से मेरी रोड का 1.5 किलोमीटर हिस्सा और लहर की देवी मार्ग का दो किलोमीटर हिस्सा शामिल है। डीएम ने दोनों सड़कों का काम अगले 10 दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने को देखते हुए इन मार्गों को समय रहते दुरुस्त किया जाना जरूरी है।

खराब सड़कों को PWD को हस्तांतरित करेगा मंडी विभाग

मंडी विभाग की ओर से 80 सड़कों के लक्ष्य की भी समीक्षा की गई। इनमें 23 सड़कों पर पैच मरम्मत का काम प्रस्तावित है। डीएम ने निर्देश दिया कि जो सड़कें अत्यधिक क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं या काफी पुरानी हैं, उन्हें लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने के लिए तीन दिन के भीतर प्रस्ताव तैयार किया जाए। इससे ऐसी सड़कों के स्थायी सुधार की दिशा में कार्रवाई की जा सकेगी।

मेडिकल क्षेत्र की सड़क को लेकर NHAI को निर्देश

राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति की समीक्षा के दौरान डीएम ने एनएचएआई अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। मेडिकल क्षेत्र की सड़क पर यातायात को सुगम बनाने के लिए त्योहारों से पहले तत्काल मेटलिंग का काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए और जरूरी मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।

व्हाट्सऐप ग्रुप में रोज भेजनी होगी प्रगति रिपोर्ट

सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए सभी संबंधित विभागों का तत्काल व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अभियंताओं और विभागाध्यक्षों को काम शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद की ‘Before-After’ तस्वीरें ग्रुप में साझा करनी होंगी। इसके साथ ही रोजाना प्रगति रिपोर्ट भी उपलब्ध करानी होगी। डीएम ने कहा कि ग्रुप के माध्यम से नियमित समीक्षा की जाएगी और जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर कार्यों का भौतिक सत्यापन भी कराया जाएगा।

बैठक में नगर आयुक्त ए. सूदन, सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, सचिव जेडीए गौरव शुक्ला, अधिशासी अभियंता PWD रजनीश गुप्ता, अधिशासी अभियंता आरईडी रजनीश कुमार, अधिशासी अभियंता PWD निर्माण खंड-3 ए.के. सिंह, परियोजना प्रबंधक NHAI मनोज समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने अंत में दोहराया कि त्योहारों से पहले जिले की सड़कें हर हाल में गड्ढामुक्त होनी चाहिए। समयसीमा में काम पूरा नहीं होने या गुणवत्ता में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः-सहकार भारती की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, डॉ. संदीप सरावगी को मिली नई जिम्मेदारी

अन्य प्रमुख खबरें