झांसी में 350 किलो गांजा बरामद, तस्करी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

खबर सार :-
14 जून को मुखबिर की सूचना पर थाना रक्सा और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
झांसी में 350 किलो गांजा बरामद, तस्करी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
खबर विस्तार : -

झांसी: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झांसी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना रक्सा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) झांसी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 350 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस और एएनटीएफ ने चलाया संयुक्त अभियान

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्नालाल झा (50 वर्ष) निवासी शिवपुरी, मध्य प्रदेश, बालगोविंद ओझा (31 वर्ष), संजय अग्रवाल (40 वर्ष) और संजय गौर (49 वर्ष), सभी निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उड़ीसा से गांजे की खेप लाकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने तस्करी का एक विशेष तरीका अपनाया हुआ था। गांजे को ट्रक में भरकर लाया जाता था, जबकि ट्रक के आगे एक कार चलती थी जो निगरानी का काम करती थी। यदि रास्ते में कहीं पुलिस चेकिंग दिखाई देती थी तो कार में बैठे लोग मोबाइल फोन के जरिए ट्रक चालक को सूचना दे देते थे। इसके बाद ट्रक को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया जाता था और चेकिंग समाप्त होने के बाद आगे बढ़ाया जाता था।

टीम को पुरस्कार की घोषणा

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से इस तरीके से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे, लेकिन अब तक कानून की गिरफ्त में नहीं आए थे। संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान प्लास्टिक की बड़ी-बड़ी बोरियों में भरे 350 किलोग्राम गांजे को बरामद किया। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त दो ट्रक, एक कार और आठ मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

इस महत्वपूर्ण सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। कार्रवाई में थाना रक्सा के प्रभारी निरीक्षक डॉ. उदय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अंकुश चौहान, कांस्टेबल विशाल यादव, सुयश दीक्षित तथा एएनटीएफ प्रभारी चंदन पांडेय, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल संजय सिंह, गजेंद्र सिंह, विमल कुमार, अनूप कुमार, रामनरेश सिंह और प्रदीप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः-आसींद रोड श्मशान घाट को मॉडल बनाने की पहल, विश्रांति गृह और स्नानगृह का हुआ शिलान्यास
 

अन्य प्रमुख खबरें