आसींद रोड श्मशान घाट को मॉडल बनाने की पहल, विश्रांति गृह और स्नानगृह का हुआ शिलान्यास

खबर सार :-
विधायक ने मौके पर श्मशान घाट परिसर में मिट्टी भराव, सड़क निर्माण और हैंडपंप लगाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा तैयार की गई विकास योजना को आगे बढ़ाने में उनका पूरा सहयोग रहेगा।
आसींद रोड श्मशान घाट को मॉडल बनाने की पहल, विश्रांति गृह और स्नानगृह का हुआ शिलान्यास
खबर विस्तार : -

शाहपुराः शहर के आसींद रोड स्थित सार्वजनिक श्मशान घाट को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल श्मशान घाट के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शाहपुरा उपनगरीय विकास संस्थान के तत्वावधान में नगर पालिका द्वारा स्वीकृत 20 लाख 66 हजार रुपये की लागत से बनने वाले विश्रांति गृह एवं स्नानगृह का समारोहपूर्वक शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा रहे, जबकि अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने की।

 विधायक डॉ. बैरवा ने किया शुभारंभ

समारोह की शुरुआत विधि-विधान के साथ भूमि पूजन एवं शिलान्यास पट्टिका के अनावरण से हुई। विधायक डॉ. बैरवा ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने “एक पौधा मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के दौरान श्मशान घाट में पूर्व में विश्रांति गृह का निर्माण कराने वाले डॉ. कमलेश पाराशर का सम्मान किया गया। पूजन कार्यक्रम का संचालन पंडित शिवचरण शर्मा ने संपन्न कराया।

अपने संबोधन में विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि आसींद रोड स्थित सार्वजनिक श्मशान घाट को शाहपुरा का आदर्श और मॉडल श्मशान घाट बनाया जाएगा। इसके लिए वे हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने आमजन से विकास संबंधी सुझाव देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उपयोगी सुझावों पर प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि श्मशान घाट जैसे सार्वजनिक स्थलों को सुविधायुक्त और गरिमामय बनाने के लिए समाज और प्रशासन दोनों की सहभागिता आवश्यक है।

मूलचंद पेसवानी ने किया अतिथियों का स्वागत

कार्यक्रम में संस्थान के सदस्य मूलचंद पेसवानी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए श्मशान घाट के समग्र विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने परिसर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और आवश्यक निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया। विधायक ने उनकी बातों से सहमति जताते हुए विकास कार्यों को गति देने का आश्वासन दिया।

समारोह में संस्थान के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अतिथियों का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन गीतकार सत्येंद्र मंडेला ने किया। इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष पंकज सुगंधी, जिला मंत्री राजेंद्र बोहरा, राममंदिर के महंत सीताराम बाबा, पूर्व पालिका अध्यक्ष कन्हैयालाल धाकड़, वरिष्ठ नेता रामप्रसाद टांक, व्यापार मंडल अध्यक्ष बालमुकंद तोषनीवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में संस्थान अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने सभी अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने श्मशान घाट के विकास कार्यों में जनसहयोग की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही इसे एक आदर्श और सुविधासंपन्न परिसर के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

यह भी पढ़ेंः-रेल स्प्रिंग कारखाना सिथौली की लैब को मिली NABL मान्यता, अधिकारियों में खुशी
 

अन्य प्रमुख खबरें