44 लाख के बीमा के लिए पत्नी की हत्या, शव पर कई बार चढ़ाई कार, पति समेत 4 गिरफ्तार

खबर सार :-

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक खौफनाक घटना सामने आई है। एक पति ने अपनी पत्नी को 44 लाख रुपये के लिए मौत के घाट उतार दिया। इस हत्या को हादसा दिखाने के लिए अपने दोस्तों के साथ मिलकर कार से कुचल दिया।
44 लाख के लिए पत्नी की हत्या, पति समेत 4 गिरफ्तार

खबर विस्तार : -

UP Crime News: हमीरपुर में अमरसिंह नाम के व्यक्ति ने 44 लाख रुपये के लालच में अपनी पत्नी की हत्या कर दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार आरोपी पति ने बीमा क्लेम की रकम हड़पने के लिए और अपना कर्ज चुकाने के लिए इस घटना को अंजाम दिया। हत्या करने के बाद उसने हादसा दिखाने के लिए पत्नी के शव को कार से कई बार कुचलवाया। जांच में पता चला कि मृतका रीता ने करीब दो साल पहले ही अमरसिंह से लव मैरिज की थी। इस हत्या में आरोपी अमर के साथ उसके कुछ दोस्त भी शामिल थे। 

दो साल पहले हुई थी शादी

हमीरपुर में सड़क के किनारे संदिग्ध हालत में एक विवाहिता का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शव की शिनाख्त रीता गुप्ता के रुप में की है। इस घटना की जानकारी जब विवाहिता के पिता को दी गई तो वे तुरंत पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए, जहां वह बेटी के दूसरे कास्ट में शादी करने से काफी नाराज नजर आए। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बीमा का 44 लाख रुपये की रकम के लालच में उसके पति ने ही हत्या की है। हालांकि पुलिस इस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस ने अमर सिंह सहित उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि उन्होंने कर्ज चुकाने और मोटी रकम चुकाने के लिए रीता की हत्या की। बीमा के पैसे में 15 लाख अमर सिंह ने अपने लिए रखने की योजना बनाई थी, जबकि बाकी के पैसे अन्य साथियों में बांटनी थी।

दोस्तों के साथ दिया घटना को अंजाम

हमीरपुर में बुधवार की रात करीब 12 बजे हाईवे के किनारे रीता का शव मिला। शिनाख्त के बाद पता चला कि रीता मूलरुप से कानपुर देहात की रहने वाली थी। करीब दो साल पहले ही उसने मौदहा कोतवाली के बम्हरौली गांव के रहने वाले अमर सिंह से लव मैरिज की थी। आरोपी अमर अपनी मां के साथ सुमेरपुर में रहता है। गुरुवार को उसने सुमेरपुर थाने में अपनी पत्नी के लापता होने की सूचना दी, जिसके बाद जिसके कुछ समय बाद उसे एक संदिग्ध महिला का शव मोर्चरी में रखे जाने की खबर मिली। उसने शव की शिनाख्त अपनी लापता पत्नी के रुप में की, लेकिन पूछताछ के दौरान पुलिस को उस पर शक हुआ, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल लिया। उसने बताया कि उसने रीता को बहला-फुसलाकर सुमेरपुर थाना क्षेत्र के पौधिया नहर मार्ग पर लेकर गया। वहां पहले से ही अमर के दोस्त घात लगाकर बैठे थे। 

परफेक्ट एक्सीडेंट दिखाने की थी योजना

अमर ने आगे कहा कि रीता जैसे ही उस जगह पहुंची उसके दोस्तों ने तेज रफ्तार कार से उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बुरी तरह घायल हो गई और गड्ढे में जा गिरी। आरोपियों ने इसे परफेक्ट एक्सीडेंट का रुप देने के लिए दोबारा कार से कुचल दिया। पहली टक्कर के बाद उसकी मौत नहीं हुई तो आरोपियों ने उसे दोबारा से सड़क पर लिटाकर फिर से उसके शरीर पर कार चढ़ा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी तुरंत फरार हो गए। इसके बाद आरोपी अमर सिंह सीधे थाने पहुंचा और अपनी पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई। आरोपियों का मकसद था कि रीता की मौत को हिट-एंड-रन (सड़क दुर्घटना) का मामला माना जाे, जिससे इंश्योरेंस कंपनी बिना किसी शक के लाखों रुपये बीमा क्लेम का भुगतान कर दे। हालांकि आरोपियों की यह चाल काम नहीं आई और पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर ही इसका पर्दाफाश कर दिया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस 

मृतका के पिता ने बताया कि रीता की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली शादी मैनपुरी में हुई थी और उसके तीन बच्चे भी हैं। किसी कारण उसके पति की मौत हो गई, जिसके बाद वह अमर के संपर्क में आई। उसने परिवार के खिलाफ जाकर गैरबिरादरी में अमर से लवमैरिज कर ली। तीनों  बच्चों के साथ वह अमर के पास रहने के लिए चली गई, वहीं अमर की यह तीसरी शादी थी। उसके पिता ने आरोप लगाते हुए कहा था कि पैसों के लालच में उसने रीता की हत्या की। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। 

अन्य प्रमुख खबरें