बारिश के बीच भीलवाड़ा की सड़कों पर उतरे सीएम भजनलाल, भाजपा के पक्ष में किया शक्ति प्रदर्शन

खबर सार :-

बारिश के बीच सीएम भजनलाल शर्मा ने भीलवाड़ा में 2 किमी लंबा रोड शो किया। भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में हजारों कार्यकर्ता जुटे। सड़क के दोनों ओर खड़े कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
बीजेपी का शक्ति प्रदर्शन, भजनलाल शर्मा किया रोड शो

खबर विस्तार : -

भीलवाड़ा: नगरीय निकाय चुनाव में मतदान से महज चार दिन पहले शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भीलवाड़ा की सड़कों पर उतरकर भाजपा के पक्ष में चुनावी ताकत दिखाई। मुख्यमंत्री एक दिवसीय दौरे पर दोपहर करीब 1 बजे भीलवाड़ा पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरा, जहां सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, चुनाव पर्यवेक्षक वीरम देव सहित पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

पुलिस लाइन से मुख्यमंत्री का काफिला सीधे सांगानेरी गेट स्थित दूधाधारी गोपाल मंदिर पहुंचा। यहां उन्होंने भगवान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद विशेष रूप से तैयार किए गए प्रचार रथ पर सवार होकर मुख्यमंत्री ने रोड शो की शुरुआत की। रोड शो को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

रिमझिम बारिश के बीच निकला भगवा कारवां

मुख्यमंत्री का रोड शो शुरू होते ही हल्की रिमझिम बारिश के बीच शहर की सियासी फिजा चुनावी रंग में नजर आई। रोड शो के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे। जगह-जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

बारिश के दौरान सुरक्षा कर्मी मुख्यमंत्री के ऊपर छतरी ताने रहे। मुख्यमंत्री भी मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर सड़क किनारे मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। रोड शो के दौरान “जय श्रीराम”, “भारत माता की जय” और “भजनलाल शर्मा जिंदाबाद” के नारों से शहर गूंजता रहा। बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ में उत्साह कम नहीं हुआ।

दूधाधारी मंदिर से महाराणा टॉकीज तक दो किलोमीटर का रोड शो

मुख्यमंत्री का रोड शो करीब दो किलोमीटर लंबा रहा। दूधाधारी गोपाल मंदिर से शुरू हुआ काफिला सांगानेरी गेट, पुरानी धान मंडी, बड़ा मंदिर और फूल मंडी होते हुए महाराणा टॉकीज के बाहर पहुंचा, जहां रोड शो का समापन हुआ। ऐतिहासिक बड़ा मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीचारभुजानाथ के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना की। पूरे रोड शो मार्ग पर भाजपा के झंडे, बैनर और होर्डिंग लगाए गए थे। 

फूल मालाओं से सजाया गया था प्रचार रथ

मुख्यमंत्री के रोड शो के लिए विशेष प्रचार रथ तैयार किया गया था। इसे फूल मालाओं से सजाया गया था। रथ के आगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की तस्वीरें लगाई गई थीं। मुख्यमंत्री इसी रथ पर सवार होकर शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरे। रथ में उनके साथ लोकसभा सचेतक एवं सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व मंत्री लालचंद कटारिया, भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी और पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी मौजूद रहे। वहीं खुली कार में भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल खंडेलवाल, उदयलाल भड़ाणा, जब्बर सिंह सांखला, डॉ. लालाराम बैरवा, गोपीचंद मीणा और लादूलाल पीतलिया सहित अन्य नेता भी रोड शो में शामिल हुए।

सभी 10 नगर पालिकाओं के प्रत्याशी रहे मौजूद

रोड शो में जिले की सभी 10 नगर पालिकाओं के भाजपा प्रत्याशियों ने भी हिस्सा लिया। हजारों भाजपा कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए मुख्यमंत्री के साथ कदमताल करते नजर आए। कार्यकर्ताओं की भीड़ और लगातार होती नारेबाजी ने भाजपा के चुनावी अभियान में जोश का माहौल बनाया। रोड शो समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री अपने काफिले के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा चुनावी तैयारियों को लेकर संवाद किया।

मतदान से पहले भाजपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन

नगरीय निकाय चुनाव के मतदान में अब महज चार दिन शेष हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भीलवाड़ा दौरा और रोड शो भाजपा के चुनाव प्रचार के अंतिम चरण का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने पार्टी के चुनावी उत्साह को सामने रखा। अब राजनीतिक नजरें 11 सितंबर को होने वाले मतदान पर हैं। मुख्यमंत्री के रोड शो और भाजपा के इस शक्ति प्रदर्शन का स्थानीय निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों को कितना लाभ मिलता है, इसका फैसला मतदान के बाद सामने आएगा।

यह भी पढ़ेंः-निकाय चुनाव में भाजपा का ‘ट्रिपल इंजन’ दांव: मुख्यमंत्री भजनलाल का जीत का मंत्र

अन्य प्रमुख खबरें