Assam Flood: दिखौ नदी का जलस्तर बढ़ा, रेलवे ट्रैक पर भरा पानी, कई ट्रेनें निरस्त

खबर सार :-

Assam Flood: असम में लगातार हो रही बारिश का असर यातायात के साधनों पर भी पड़ रहा है। शिवसागर जिले में दिखौ नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। सिमालुगुरी इलाके में बाढ़ का पानी रेलवे स्टेशन यार्ड पर पहुंच गया और रेलवे ट्रैक डूब गए, जिससे रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
Assam Flood: दिखौ नदी का जलस्तर बढ़ा, रेलवे ट्रैक पर भरा पानी, कई ट्रेनें निरस्त

खबर विस्तार : -

गुवाहाटी: असम के शिवसागर जिले में दिखौ नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है। सिमालुगुरी इलाके में लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ का पानी रेलवे स्टेशन यार्ड, रेलवे कॉलोनी और रेलवे ट्रैक तक पहुंच गया है। 

बाढ़ का पानी बढ़ने से यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) ने अगले आदेश तक सिमालुगुरी-नामटियाली और सिमालुगुरी-सेलेनघाट रेलवे सेक्शन पर सभी ट्रेन सेवाओं को रोक दिया है।

कई लोकल ट्रेनें रद्द

NFR के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल शर्मा ने सोमवार को बताया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। डिब्रूगढ़ और न्यू तिनसुकिया से चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों को अब रंगिया-रंगापारा रूट से डायवर्ट किया जा रहा है ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो और जहां तक संभव हो रेल सेवाएं जारी रह सकें। इस बीच, प्रभावित सेक्शन पर चलने वाली कई लोकल ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ अन्य ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से रोक दिया गया है।

बाढ़ का पानी उतरने पर होगी मरम्मत

रेलवे प्रशासन ने बताया कि प्रभावित इलाकों में जरूरी औजारों और सामान के साथ इंजीनियरिंग और तकनीकी कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। हालांकि, रेलवे ट्रैक, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचों की विस्तृत जांच तभी की जा सकती है जब बाढ़ का पानी उतर जाए। इसके बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा, जरूरी मरम्मत शुरू की जाएगी और सुरक्षा मानकों की पुष्टि होने के बाद ही रेल सेवाएं बहाल की जाएंगी।

यात्रियों के लिए बनाए गए हेल्प डेस्क

रेलवे ने यात्रियों की मदद के लिए विशेष उपाय भी किए हैं। प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं, जहां खाने के पैकेट, पीने का पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रभावित यात्रियों के लिए टिकट रिफंड और कैंसिलेशन की प्रक्रिया को आसान बना दिया गया है ताकि उन्हें कोई अनावश्यक परेशानी न हो।

विशेष ट्रेनें चलाने की योजना

वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। नामटियाली से शिवसागर टाउन रेलवे स्टेशन तक यात्रियों को ले जाने के लिए असम राज्य परिवहन निगम (ASTC) की बसों और स्थानीय वाहनों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, फंसे हुए यात्रियों को जल्दी उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए शिवसागर टाउन से डिब्रूगढ़ और न्यू तिनसुकिया के बीच विशेष ट्रेनें चलाने की योजना पर भी काम चल रहा है।

रेलवे ने शुरू किया विशेष अभियान

रेलवे ने बाढ़ से प्रभावित यात्रियों की मदद के लिए एक विशेष अभियान भी शुरू किया। 22503 विवेक एक्सप्रेस के 217 यात्रियों को सड़क मार्ग से सेलेनघाट से मारियानी तक सुरक्षित पहुंचाया गया। इस बीच, 15959 कामरूप एक्सप्रेस के 570 यात्रियों और 15934 अमृतसर-तिनसुकिया एक्सप्रेस के 490 यात्रियों को मारियानी स्टेशन पर खाना, पीने का पानी और दूसरी जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं।

बिना जरूरत यात्रा न करने की अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेनों की ताजा स्थिति देख लें। साथ ही, बाढ़ की स्थिति को देखते हुए लोगों से गुजारिश की गई है कि वे बिना जरूरत यात्रा न करें और रेलवे की तरफ से जारी आधिकारिक सलाह का पालन करें।

 

ये भी पढ़ेंः- Uttarakhand Rain: भारी बारिश से बढ़ा भूस्खलन का खतरा, प्रशासन ने रोकी चारधाम यात्रा

 

अन्य प्रमुख खबरें