Junior Womens Hockey Asia Cup: पाकिस्तान को 19-0 से रौंदकर शान से सेमीफाइनल में पहुंचीं भारत की बेटियां

खबर सार :-

Junior Womens Hockey Asia Cup: महिला हॉकी जूनियर एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को हरा कर सेमीफाइनल में पहुंच गयी है। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19-0 के अंतर से हराया।
Junior Womens Hockey Asia Cup: पाकिस्तान को रौंदकर सेमीफाइनल में भारत

खबर विस्तार : -

IND vs PAK Junior Womens Hockey Asia Cup 2026: भारतीय टीम ने महिला जूनियर हॉकी एशिया कप के क्वार्टर-फाइनल मैच में पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही भारत की बेटियां शान से सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं।  भारत की ओर से गोलों की बारिश पूरे मुकाबले में जारी रही और पाकिस्तान की टीम लगातार दबाव में नजर आई। पाकिस्तान की टीम एक भी गोल नहीं कर पाई। भारत के लिए सबसे ज्यादा 3 गोल पूजा मलिक ने किये जबकि सानिका चंद्रकांत, मधु सिदार, रोशनी ऐंद और सुप्रिया ने दो-दो गोले गए।

चैंपियन की तरह खेला भारत 

डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने मैच की शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया। टीम को पहला गोल करने में सिर्फ सात मिनट लगे, जब पूजा साहू ने गोल करके भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। दो मिनट बाद, रोशनी ऐंड ने भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार हमले जारी रखे और पाकिस्तानी टीम पर दबाव बनाए रखा। 

भारत ने 5 मिनट में दागे 4 गोल 

भारत ने अगले पांच मिनट में चार और गोल किए; तनुश्री दिनेश काडू (11वें मिनट), सुखवीर कौर (13वें मिनट) और सानिका चंद्रकांत माने (13वें मिनट) ने गोल किए। मधु सिदार और गीता यादव ने भी गोल करके टीम की बढ़त को और बढ़ाया। इस बीच, सानिका माने ने 23वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया, जिससे भारत की मजबूत स्थिति और पक्की हो गई। पहले हाफ में भारत का पूरी तरह दबदबा रहा। तनुजा टोप्पो और पूजा मलिक ने भी स्कोर में योगदान दिया, और पूर्णिमा यादव ने 33वें मिनट में गोल करके हाफ-टाइम तक भारत को 10-0 की बड़ी बढ़त दिला दी।

पूरे मैच में भारत का रहा दबदबा

भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में भी अपना आक्रामक खेल जारी रखा। मधु सिदार ने 39वें मिनट में एक और गोल किया, जिसके बाद सुप्रिया ने एक मिनट बाद मैच का अपना पहला गोल किया। इसके बाद पूजा मलिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 49वें और 51वें मिनट में लगातार दो गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की। पूरे मैच के दौरान भारत ने पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। कृष्णा शर्मा और बिनिमा धन ने भी गोल किए और टीम की बढ़त को लगातार आगे बढ़ाया। सुप्रिया ने 54वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया, जबकि रोशनी ने आखिरी मिनट में गोल करके अपने दो गोल पूरे किए और भारत की शानदार जीत पक्की कर दी। भारत के लिए सबसे ज्यादा 3 गोल पूजा मलिक ने किये जबकि सानिका चंद्रकांत, मधु सिदार, रोशनी ऐंद और सुप्रिया ने दो-दो गोले गए।

ये भी पढ़ेंः- Asian Games 2026: एएफआई ने किया 77 सदस्यीय 'ट्रैक और फील्ड' टीम का ऐलान, चोटिल नीरज की जगह यशवीर को मिला मौका

भारत के लिए किन खिलाड़ियों ने किये गोल  

पूजा साहू (7'), पूजा मलिक (27', 49', 51'), सानिका चंद्रकांत माने (13', 23'), मधु सिदार (16', 39'), गीता यादव (18'), रोशनी ऐंद (9', 60+'), तनुश्री दिनेश कडू (11'), सुखवीर कौर (13'), तनुजा टोप्पो (25'), पूर्णिमा यादव (33'), सुप्रिया (40', 54'), कृष्णा शर्मा (48'), बिनीमा धन (55')।

टॉप पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंचा भारत

ग्रुप स्टेज में टीम के बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए, 19-0 की यह बड़ी जीत कोई हैरानी की बात नहीं थी; भारत ने जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया जैसी मजबूत टीमों को हराकर अपने ग्रुप में टॉप किया था। अब भारतीय टीम सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर-फाइनल मैच के विजेता से भिड़ेगी। 

तीसरी बार खिताब जीतने से दो कदम दूर भारत

गौरतलब है कि मौजूदा चैंपियन भारत, लगातार तीसरी बार जूनियर महिला एशिया कप का खिताब जीतने से बस दो जीत दूर है। टीम ने इससे पहले 2023 और 2024 में यह ट्रॉफी जीती थी। भारत की नजर अब लगातार तीसरी बार जूनियर महिला एशिया कप का खिताब जीतने पर है। गोल्ड मेडल मैच 13 सितंबर को खेला जाएगा। भारत महिला हॉकी जूनियर एशिया कप का दो बार का मौजूदा चैंपियन है और 2026 का टूर्नामेंट जीतकर खिताब की हैट्रिक पूरी करने की कोशिश करेगा।

ये भी पढ़ेंः- US Open 2026: तीसरे खिताब से दो कदम दूर वर्ल्ड चैंपियन सबालेंका, सेमीफाइनल में जेसिका पेगुला से होगा मुकाबला

अन्य प्रमुख खबरें