Germany vs Curacao: जर्मनी ने FIFA World Cup में रचा इतिहास, कुराकाओ को 7-1 से हराकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

खबर सार :-
Germany vs Curacao FIFA World Cup 2026: कुराकाओ के खिलाफ 7 गोल करके, जर्मनी FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज़्यादा गोल करने वाली टीम बन गई है। जर्मनी अब वर्ल्ड कप में कुल 239 गोल तक पहुंच गई है, जबकि ब्राज़ील 238 गोल के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई है।
Germany vs Curacao: जर्मनी ने FIFA World Cup में रचा इतिहास, कुराकाओ को 7-1 से हराकर बनाया विश्व रिकॉर्ड
खबर विस्तार : -

Germany vs Curacao FIFA World Cup 2026: दुनिया की बेहतरीन टीमों में शूमार जर्मनी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। जर्मनी ने अपने पहले ही मुकाबले में इस सीजन में डेब्यू करने वाली टीम कुराकाओ को 7-1 से के बड़े अंतर से हरा दिया। इस धमाकेदार जीत के साथ, जर्मनी ने न केवल 3 अंक हासिल किए, बल्कि फुटबॉल वर्ल्ड कप के इतिहास में एक ऐसा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया जो पहले ब्राज़ील के पास था। जर्मनी अब FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज़्यादा गोल करने वाली टीम बन गई है।

Germany vs Curacao: कुराकाओ पर पूरी तरह हावी रहा जर्मनी

ग्रुप E के इस मैच में, जर्मन टीम शुरू से ही कुराकाओ पर हावी दिखी और वैसा ही खेल दिखाया जिसके लिए वो जानी जाती हैं। जर्मनी ने विपक्षी टीम को कभी भी बढ़त बनाने का मौका नहीं दिया; वे 7-1 के अंतर से जीते जिससे 2014 वर्ल्ड कप के सेमी-फ़ाइनल की यादें ताज़ा हो गईं, जहां जर्मनी ने ब्राजील को इसी 7-1 के स्कोर से हराया था।

जर्मनी ने कुराकाओ के खिलाफ़ मैच के शुरुआती छह मिनटों में ही पहला गोल करके अपने इरादे साफ़ कर दिए। हालांकि, सबको चौंकाते हुए कुराकाओ ने जल्द ही बराबरी का गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद, जर्मनी ने लगातार कई गोल किए। निको श्लॉटरबेक ने कॉर्नर किक पर शानदार हेडर से जर्मनी को 2-1 से आगे कर दिया।

इसके बाद, पहले हाफ़ के स्टॉपेज टाइम में, काई हावर्ट्ज़ ने पेनल्टी का फायदा उठाते हुए जर्मनी की बढ़त को 3-1 कर दिया। दूसरे हाफ़ में जर्मनी ने और भी आक्रामक खेल दिखाया। खेल दोबारा शुरू होने के ठीक 69 सेकंड बाद, जमाल मुसियाला ने शानदार गोल किया जो मैच में टीम का चौथा गोल था।

जर्मनी के आगे बेबस दिखा कुराकाओ का डिफेंस 

जर्मनी के स्टार खिलाड़ियों के सामने कुराकाओ का डिफेंस पूरी तरह बेबस नज़र आया। वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेल रहे नथानिएल ब्राउन ने शानदार गोल करके स्कोर 5-1 कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद, डेनिज़ उंडाव ने जर्मनी के लिए छठा गोल किया और कुराकाओ के डिफेंस को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। मैच के आखिर में काई हावर्ट्ज़ ने सातवां गोल किया और जर्मनी की यादगार जीत पक्की कर दी।

Germany vs Curacao FIFA World Cup 2026: जर्मनी की ऐतिहासिक उपलब्धि

जर्मनी ने कुराकाओ के खिलाफ मैच में अपना सातवां गोल करके यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। जर्मनी ने अब FIFA वर्ल्ड कप में कुल 239 गोल कर लिए हैं। इसके साथ ही, टीम ने पांच बार की चैंपियन ब्राज़ील को पीछे छोड़ दिया है; ब्राज़ील ने इस बड़े टूर्नामेंट में अब तक कुल 238 गोल किए हैं। वहीं, मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना 152 गोल के साथ लिस्ट में तीसरे नंबर पर है, जबकि फ्रांस 136 गोल के साथ चौथे स्थान पर है। इटली ने वर्ल्ड कप में 128 गोल किए हैं और पांचवें स्थान पर है।

FIFA World Cup में सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीमें

रैंक टीम गोल
1 जर्मनी 239
2 ब्राजील 238
3 अर्जेंटीना 152
4 फ्रांस 136
5 इटली 128

ये भी पढ़ेंः- Australia vs Turkiye: फीफा वर्ल्ड कप में बड़ा उलटफेर, ऑस्ट्रेलिया ने तुर्किए को एकतरफा मुकाबले में 2-0 से दी शिकस्त

 

अन्य प्रमुख खबरें