Hockey World Cup: भारत-पाकिस्तान के बीच होगा हाईवोल्टेज मुकाबला, जानें कब और कहां देखें लाइव मैच

खबर सार :-

Hockey World Cup: भारत हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का अपना तीसरा पूल मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। इस मैच के सभी टिकट बिक चुके हैं। भारत की कोशिश दूसरे दौर में जगह पक्की करने की होगी।
Hockey World Cup में 16 साल बाद भारत-पाकिस्तान में होगी भिड़ंत

खबर विस्तार : -

India vs Pakistan, Hockey World Cup 2026: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में बुधवार 19 अगस्त यानी आज भारत बनाम पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टज मुकाबला खेला जाएगा। वैसे भी भारत-पाकिस्तान के बीच मैच चाहे कोई भी रोमांच चरम पर होता है। फिलहाल दोनों  ग्रुप D के इस अहम मैच के लिए दोनों टीमें तैयार है। पिछले एक दशक से पाकिस्तान से नहीं हारी भारतीय टीम को दूसरे राउंड में प्रवेश के लिए यह मैच हर हाल में जीतना होगा। यह मैच नीदरलैंड के एमस्टेलवीन में वैगनर स्टेडियम में खेला जाएगा। 

भारत के लिए करो या मरो का मुकाबला

बता दें कि भारत अभी ग्रुप D में दूसरे स्थान पर है, उसने अब तक खेले गए दो मैचों में एक जीत और एक हार का सामना किया है। टीम इंडिया ने वेल्स के खिलाफ अपना पहला मैच जीता था, लेकिन दूसरे मैच में भारत को इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के खिलाफ यह मैच टीम का तीसरा और आखिरी ग्रुप-स्टेज मैच है। अगले दौर में पहुंचने के लिए भारत को अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराना होगा।

पॉइंट्स टेबल को देखें तो इंग्लैंड अपने दोनों मैच जीतकर पूल D में टॉप पर रहते हुए दूसरे राउंड में पहुंच गया है। वहीं, भारत के पास एक जीत और एक हार से तीन पॉइंट्स हैं। पाकिस्तान इंग्लैंड से 1-4 से हारने और वेल्स के साथ 3-3 से ड्रॉ खेलने के बाद एक पॉइंट के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि वेल्स एक हार और एक ड्रॉ से मिले एक पॉइंट के साथ चौथे स्थान पर है। यदि पाकिस्तान हारता है, तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा। वहीं, वेल्स को अगले राउंड में जाने के लिए इंग्लैंड को बड़े अंतर से हराना होगा, क्योंकि भारत का गोल औसत बेहतर है। अगर भारत दूसरे राउंड में पहुंचता है, तो वह इस पूल से कोई भी पॉइंट आगे नहीं ले जाएगा, जबकि इंग्लैंड भारत को हराने की वजह से अपने साथ तीन पॉइंट ले जाएगा।

रोमांचक होगा मुकाबला

वैसे किसी भी खेल में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच हमेशा रोमांचक और दिलचस्प होते हैं। हॉकी में दोनों देशों के बीच प्रतिद्वंद्विता उतनी ही कड़ी है जितनी क्रिकेट में। हालांकि, हाल के वर्षों में भारतीय टीम का पाकिस्तान पर काफी दबदबा रहा है। प्रदर्शन के मामले में, भारतीय टीम अभी दुनिया की सबसे मजबूत और बेहतरीन टीमों में से एक है और लगातार ओलंपिक मेडल जीत रही है, जबकि पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीम का प्रदर्शन लगातार गिरा है। पाकिस्तान की पुरुष टीम 16 साल के अंतराल के बाद वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर पाई है। 

India या  Pakistan किसका पलड़ा भारी 

भारत-पाकिस्तन के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड को देखें तो दोनों टीमें 183 बार एक-दूसरे का सामना कर चुकी हैं। पाकिस्तान ने इनमें से 82 मैच जीते हैं, जबकि भारत ने 69 मैच जीते हैं। जबकि 32 मैच ड्रॉ रहे हैं। हालांकि, खास तौर पर हॉकी वर्ल्ड कप में, दोनों टीमें पांच बार आमने-सामने हुई हैं और यहां भारत का पलड़ा भारी है, क्योंकि उसने पाकिस्तान की दो जीतों के मुकाबले तीन मैच जीते हैं। दोनों टीमें आखिरी बार 2010 वर्ल्ड कप में आमने-सामने हुई थीं, जिसमें भारत ने 4-1 से जीत हासिल की थी। 

कब-कहां और कैसे देखें लाइव मैच 

भारतीय टीम एम्स्टेलवीन के वैगनर स्टेडियम में उतरेगी। टीम का मकसद पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप में अपने रिकॉर्ड को और बेहतर बनाना और अगले राउंड में अपनी जगह पक्की करना होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा। मैच की लाइव कवरेज Star Sports Select 2, Star Sports Select 2 HD और Star Sports Hindi पर उपलब्ध होगी। इसकी लाइव स्ट्रीमिंग JioStar ऐप और वेबसाइट पर देखी जा सकती है।

भारत पाकिस्तान का स्क्वाड

भारत: मोहित एचएस, सूरज करकेरा, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच, राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकंठ शर्मा, विवेक सागर प्रसाद, दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मंदीप सिंह, अभिषेक

पाकिस्तान: वकार, मुहम्मद अब्दुल्ला, मुहम्मद सुफियान खान, मोइन शकील, अब्दुल वहीद अशरफ राणा, अब्दुल हनान शाहिद, जकारिया हयात, अरशद लियाकत, आदिल लतीफ, अहमद नदीम, गजनफर अली, अम्माद शकील बट, मुहम्मद हम्मादुद्दीन अंजुम, रहमान अब्दुल, अफराज, उमर मुस्तफा, अबू बकर महमूद (कप्तान), अली रजा, अब्दुल मनान और मुहम्मद अम्माद।

FAQ

1. भारत-पाकिस्तान हॉकी मैच कितने बजे खेला जाएगा ?

भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी विश्व कप 2026 का मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे से खेला जाएगा। 

2. भारत-पाकिस्तान का यह मुकाबला किस टूर्नामेंट और पूल का हिस्सा है ?

भारत-पाकिस्तान का यह मुकाबला FIH पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 के पूल डी का आखिरी ग्रुप मैच है।

3. हॉकी विश्व कप में कितने साल बाद भारत-पाकिस्तान आमने-सामने हैं?

चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत-पाकिस्तान 16 साल बाद विश्व कप में एक-दूसरे से भिड़ेंगे। इससे पहले वे 2010 के नई दिल्ली विश्व कप में आमने सामने थे।

ये भी पढ़ेंः- IND vs SL: गाले टेस्ट मैच में जीत की दहलीज पर टीम इंडिया, पांचवें दिन जीत के लिए सिर्फ 6 विकेट की दरकार

 

अन्य प्रमुख खबरें