दिल्ली में कमर्शियल वाहनों पर रोक से व्यापार को झटका! 50 लाख लोगों की रोजी-रोटी पर मंडराया संकट: CTI

खबर सार :-

CTI ने दिल्ली में कमर्शियल वाहनों पर प्रस्तावित रोक का विरोध करते हुए कहा कि इससे ट्रांसपोर्ट लागत 2-3 गुना बढ़ सकती है और 50 लाख लोगों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। संगठन ने पांच साल का रोडमैप बनाने की मांग की है।
दिल्ली में कमर्शियल वाहनों पर रोक से 50 लाख की रोजी पर संकट!

खबर विस्तार : -

Delhi Pollution: दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए वाहनों की आवाजाही पर सख्ती के प्रस्ताव ने व्यापारिक संगठनों की चिंता बढ़ा दी है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली में केवल BS-VI वाहनों को प्रवेश देने और कमर्शियल वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने से कारोबार, उद्योग और रोजगार पर गंभीर असर पड़ सकता है। संगठन ने सुप्रीम कोर्ट से अपील की है कि वेयरहाउस, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रांसपोर्टरों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना कोई प्रतिबंध लागू नहीं किया जाना चाहिए। CTI ने प्रदूषण के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सामने आए सुझावों पर चिंता जताई है। इनमें दिल्ली में केवल BS-VI वाहनों को चलाने और अगले पांच वर्षों में कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का प्रस्ताव शामिल है।

50 लाख लोगों की आजीविका पर पड़ सकता है असर

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि प्रदूषण रोकना जरूरी है, लेकिन बिना तैयारी के ऐसे कदम उठाने से दिल्ली के 20 लाख से अधिक व्यापारियों, उद्यमियों, ट्रांसपोर्टरों और उपभोक्ताओं पर सीधा असर पड़ेगा। इनके परिवारों को भी शामिल किया जाए तो 50 लाख से अधिक लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतिबंध को लागू करने से पहले उसके आर्थिक और सामाजिक प्रभावों का आकलन करना जरूरी है। व्यापारिक गतिविधियों और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर ही समाधान निकाला जाना चाहिए।

ट्रांसपोर्ट लागत 2 से 3 गुना बढ़ने की आशंका

CTI के मुताबिक, यदि कमर्शियल वाहनों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी तो माल की ढुलाई की लागत दो से तीन गुना तक बढ़ सकती है। फिलहाल ट्रक सीधे आजादपुर मंडी, सदर बाजार, चांदनी चौक, गांधी नगर, करोल बाग, कश्मीरी गेट, नया बाजार, खन्ना मार्केट, तीस हजारी, रोशनारा रोड और कमला मार्केट जैसे प्रमुख कारोबारी क्षेत्रों तक पहुंचते हैं। लेकिन प्रस्तावित बॉर्डर वेयरहाउस व्यवस्था में ट्रकों को दिल्ली की सीमा पर ही माल उतारना पड़ सकता है। इसके बाद सामान को वेयरहाउस में रखना होगा और छोटी इलेक्ट्रिक गाड़ियों के जरिए बाजारों तक पहुंचाना होगा। इस पूरी प्रक्रिया में दोबारा लोडिंग-अनलोडिंग, वेयरहाउस का किराया और ईवी से माल पहुंचाने का अतिरिक्त खर्च जुड़ेगा। CTI का कहना है कि इसका सीधा बोझ दुकानदारों और अंततः आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। इससे रोजमर्रा की वस्तुओं की आपूर्ति और कीमतों पर भी असर पड़ने की आशंका है।

ये भी पढ़ें....दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के प्रति सरकार सख्त, कचरा-सूखी पत्तियां जलाने पर होगी कार्रवाई

दिल्ली से NCR में शिफ्ट हो सकती हैं फैक्ट्रियां

व्यापारिक संगठन ने दिल्ली के औद्योगिक क्षेत्रों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई है। बवाना, नरेला, ओखला, मायापुरी, झिलमिल और बदरपुर में हजारों फैक्ट्रियां कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों की ढुलाई के लिए ट्रकों पर निर्भर हैं। CTI के अनुसार, यदि ट्रकों की आवाजाही मुश्किल हो जाती है तो फैक्ट्री संचालक अपना कारोबार गाजियाबाद, बहादुरगढ़, मानेसर, सोनीपत और फरीदाबाद जैसे एनसीआर के शहरों में स्थानांतरित करने पर विचार कर सकते हैं। इससे दिल्ली में औद्योगिक गतिविधियां और रोजगार घटने का खतरा है।

पांच साल का रोडमैप बनाने की मांग

CTI ने मांग की है कि बिना लिखित रोडमैप और पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था के तत्काल कोई प्रतिबंध लागू नहीं किया जाए। पांच साल की योजना सरकार, व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों के साथ बातचीत करके तैयार की जानी चाहिए। संगठन ने दिल्ली-एनसीआर को एक आर्थिक इकाई के रूप में देखने की भी अपील की है। उसका कहना है कि केवल दिल्ली में वाहनों पर रोक लगाने से कारोबार एनसीआर के दूसरे शहरों में स्थानांतरित हो सकता है, जबकि प्रदूषण की समस्या का समाधान नहीं होगा।

प्रदूषण भी रुके और कारोबार भी बचे

बृजेश गोयल ने कहा कि CTI सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करता है और पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है। हालांकि, किसी भी फैसले से पहले दिल्ली के 20 लाख व्यापारियों, आठ लाख से अधिक ट्रांसपोर्ट कर्मियों और करीब दो करोड़ दिल्लीवासियों के हितों को ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों की बात सुने बिना कोई फैसला नहीं लिया जाना चाहिए। संगठन का जोर ऐसे संतुलित समाधान पर है, जिससे प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास भी जारी रहें और दिल्ली का व्यापार, उद्योग तथा रोजगार भी सुरक्षित रह सके।

ये भी पढ़ें....प्रदूषण पर बड़ा वार: दिल्ली-हापुड़ इंटरस्टेट 100 इलेक्ट्रिक बसों को सीएम रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी

FAQ (पूछे जाने वाले सामान्य प्रश्न)....

1. दिल्ली में किन वाहनों पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव है?

दिल्ली में केवल BS-VI वाहनों को प्रवेश देने और अगले पांच वर्षों में कमर्शियल वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का सुझाव दिया गया है।

2. इस प्रतिबंध से व्यापारियों को क्या नुकसान हो सकता है?

CTI के मुताबिक, ट्रांसपोर्ट लागत 2 से 3 गुना बढ़ सकती है। इससे सामान महंगा होने, कारोबार प्रभावित होने और रोजगार घटने का खतरा है।

3. CTI ने सरकार और सुप्रीम कोर्ट से क्या मांग की है?

CTI ने बिना तैयारी प्रतिबंध लागू नहीं करने, पांच साल का रोडमैप बनाने और दिल्ली-NCR को एक आर्थिक इकाई मानकर फैसला लेने की मांग की है।

 

अन्य प्रमुख खबरें