टाटा मोटर्स का ऐलानः 1 अक्टूबर से कमर्शियल वाहनों की कीमतों में होगी 1 प्रतिशत की वृद्धि
खबर सार :-
भारत में तेजी से बढ़ते ऑटोमोबाइल उद्योग के बीच, टाटा मोटर्स 1 अक्टूबर 2026 से अपने सभी कमर्शियल वाहनों की कीमतें 1 प्रतिशत तक बढ़ाने जा रही है। लगातार बढ़ती कमोडिटी कीमतों और अन्य इनपुट लागतों के असर को कम करने के लिए कंपनी ने यह कदम उठाया है। इस साल टाटा मोटर्स की तरफ से की गई यह दूसरी मूल्य वृद्धि है, इससे पहले अप्रैल में भी कीमतें बढ़ाई गई थीं।
खबर विस्तार : -
Commercial Vehicle Price: देश में ऑटोमोबाइल उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है। वाहनों की खरीद का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। टाटा मोटर्स ने गुरुवार को वाहनों की कीमतों से जुड़ा एक बड़ा फैसला लिया है, जिसके तहत 1 अक्टूबर 2026 से कंपनी अपने पूरे कमर्शियल वाहन पोर्टफोलियो की कीमतों में 1 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कहा कि कीमतों में यह संशोधन मॉडल और वेरिएंट के अनुसार अलग-अलग होगा। बढ़ती कमोडिटी कीमतों और अन्य इनपुट लागतों के प्रभाव को कम करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
आंकड़ों पर गौर करें तो, इस वर्ष कमर्शियल वाहन श्रेणी में टाटा मोटर्स द्वारा की जा रही यह दूसरी मूल्य वृद्धि है। इससे पहले कंपनी ने 1 अप्रैल 2026 से कमर्शियल वाहनों की कीमतों में 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की थी। उस समय भी कंपनी ने बढ़ती कमोडिटी और इनपुट लागतों को इसका कारण बताया था। ताजा फैसला टाटा मोटर्स के विभिन्न कारोबारों में कीमतों में हो रही बढ़ोतरी की व्यापक प्रवृत्ति का हिस्सा है।
पैसेंजर वाहन कारोबार में दूसरी मूल्य वृद्धि
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड ने भी 1 जुलाई से अपने यात्री वाहन पोर्टफोलियो की कीमतों में 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की थी। इसमें आंतरिक दहन इंजन (आईसीई) वाले मॉडल और इलेक्ट्रिक वाहन दोनों को शामिल किया गया था। यह पैसेंजर वाहन कारोबार में वर्ष 2026 की दूसरी मूल्य वृद्धि थी। इससे पहले 1 अप्रैल से कंपनी ने अपने आईसीई पोर्टफोलियो की कीमतों में भी 0.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की थी। अप्रैल में किए गए संशोधन के तहत कुछ वेरिएंट्स की कीमतों में 1.09 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई थी, जबकि टाटा अल्ट्रोज के कुछ वेरिएंट्स की कीमतों में मामूली कमी की गई थी। पूरे ऑटोमोबाइल उद्योग में वाहन निर्माता बढ़ती कमोडिटी कीमतों, लॉजिस्टिक्स खर्च, सप्लाई चेन लागत और मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव के कारण कीमतों में बदलाव कर रहे हैं।
मारुति सुजुकी ने भी बढ़ाई थी वाहनों की कीमतें
मारुति सुजुकी ने जून 2026 से अपने वाहनों की कीमतों में 30,000 रुपए तक की बढ़ोतरी की थी, जबकि ह्युंडई मोटर इंडिया ने 1 जून से कीमतों में 12,800 रुपए तक की बढ़ोतरी की थी। इसके अलावा, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया, बीएमडब्ल्यू इंडिया, मर्सिडीज-बेंज इंडिया, ऑडी इंडिया और होंडा कार्स इंडिया जैसी कंपनियों ने भी इसी अवधि के आसपास वाहन कीमतों में वृद्धि की घोषणा की थी। 180 अरब डॉलर के टाटा समूह का हिस्सा टाटा मोटर्स भारत की प्रमुख कमर्शियल और पैसेंजर वाहन निर्माता कंपनियों में शामिल है। कंपनी का परिचालन भारत और दक्षिण कोरिया में है तथा अफ्रीका, मध्य पूर्व, लैटिन अमेरिका, दक्षिण-पूर्व एशिया और सार्क देशों के बाजारों में भी उसकी मौजूदगी है।
ये भी पढ़ें....मारुति सुजुकी ने ग्रैंड विटारा की कीमतों में की बढ़ोतरी, अधिकांश वेरिएंट हुए महंगे
रिकॉर्ड उच्च स्तर यात्री वाहनों, तिपहिया और दोपहिया वाहनों की बिक्री
ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री बॉडी के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 में वाहनों की बिक्री में काफी इजाफा हुआ है। देश में यात्री वाहनों, तिपहिया और दोपहिया वाहनों की बिक्री रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई है। रिपोर्ट के मुताबिक समीक्षा अवधि में यात्री वाहनों की कुल बिक्री 4,39,309 यूनिट्स रही है, जो कि सालाना आधार पर 36.5 प्रतिशत की वृद्धि को दिखाता है। इसके साथ ही तिपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 22.8 प्रतिशत बढ़कर 93,764 यूनिट्स तक हो गई है। वहीं दोपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 10.5 प्रतिशत बढ़कर 20,34,698 यूनिट्स हो गई है।
इन कारणों से ऑटोमोबाइल की मांग को मिला बढ़ावा
आटो मोबाइल सेक्टर में ग्रोथ के पीछे कई कारण है। इनमें एक तरफ मजबूत मांग तो दूसरी तरफ पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और कई अन्य कारण भी हैं। इस मामले में सियाम के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन ने कहा कि भारत का ऑटोमोबाइल उद्योग जबरदस्त ग्रोथ के दौर से गुजर रहा है। आंकड़ों पर गौर करें तो, अगस्त 2026 में हुई ग्रोथ को पिछले साल के कम बेस का भी सहारा मिला है। मेनन ने कहा कि मांग का माहौल बुनियादी तौर पर मजबूत बना हुआ है। ग्राहकों का मजबूत भरोसा, ग्रामीण बाजारों की मजबूती और बेहतर होती फाइनेंसिंग की स्थितियां सभी कैटेगरी में ऑटोमोबाइल की मांग को बढ़ावा दे रही है। मेनन ने कहा, "त्योहारी सीजन की मांग से भी अतिरिक्त बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे दूसरी तिमाही के नतीजे अच्छे रहेंगे।" सियाम के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 में पैसेंजर गाड़ियों, तिपहिया वाहनों, दोपहिया वाहनों और क्वाड्रीसाइकिल का कुल प्रोडक्शन 31,57,822 यूनिट्स रहा। इस बीच, पिछले महीने भारत की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री ने जुलाई में अब तक का सबसे अच्छा बिक्री प्रदर्शन दर्ज किया, जिसमें पैसेंजर गाड़ियों, दोपहिया और तिपहिया वाहनों की सप्लाई में जबरदस्त दो-अंकों की बढ़ोतरी हुई।
तिपहिया वाहनों की आपूर्ति में भी इजाफा
सियाम के आंकड़ों के अनुसार, मैन्युफैक्चरर्स से डीलरों को घरेलू पैसेंजर गाड़ियों की आपूर्ति पिछले साल के इसी महीने में 3,40,772 यूनिट्स के मुकाबले 34.3 प्रतिशत बढ़कर जुलाई में 4,57,810 यूनिट्स हो गई। वहीं, पिछले महीने दोपहिया वाहनों की बिक्री एक साल पहले के 15,69,120 यूनिट्स से 22.6 प्रतिशत बढ़कर 19,23,483 यूनिट्स हो गई, जबकि तिपहिया वाहनों की आपूर्ति में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई और यह जुलाई 2025 में 69,403 यूनिट्स के मुकाबले 33.4 प्रतिशत बढ़कर 92,560 यूनिट्स हो गई।
ये भी पढ़ें....अगस्त में गाड़ियों की बिक्री का महा-रिकॉर्ड: पैसेंजर व्हीकल सेल्स 36.5% बढ़ी, थोक बाजार में भारी उछाल
अन्य प्रमुख खबरें
-
मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा की कीमतों में बढ़ोतरी, जानें नए दाम
2026-09-17
-
2027 कावासाकी Ninja H2 पेश, जानिए फीचर्स और कीमत
2026-09-16
-
Jawa 42 All Stars बाइक भारत में लॉन्च, जानिए कीमत
2026-09-10
-
वर्ल्ड ईवी डे पर भारत की ईवी छलांग: 1 करोड़ पार हुई बिक्री, 79% सालाना ग्रोथ
2026-09-09
-
बीएमडब्ल्यू i5 LWB भारत में लॉन्च: कीमत, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन
2026-09-07
-
Tata Curvv Series X Launched: जानिए नई टाटा कर्व सीरीज एक्स की कीमत और फीचर्स
2026-09-03
-
इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी की उम्र बढ़ाएगा स्मार्ट पावर सिस्टम
2026-09-03
-
Kia Sorento Launch 2026: भारत में लॉन्च से पहले डीलरशिप पर पहुंची एसयूवी
2026-09-01
-
बजाज ऑटो त्यौहारों से पहले 6 नई मोटरसाइकिलें बाजार में उतारेगी
2026-08-27
-
मर्सिडीज-बेंज GLE L लॉन्ग-व्हीलबेस चीन में लॉन्च: जानिए फीचर्स, इंजन और कीमत
2026-08-27
-
MG Hector Tomahawk EV भारत में लॉन्च: कीमत, रेंज और फीचर्स
2026-08-26
-
ई-स्कूटर पर 5 हजार की राहत, 2028 तक बढ़ी योजना
2026-08-11
-
जुलाई में ऑटो बाजार ने बनाया रिकॉर्डः 25.91 लाख वाहन बिके
2026-08-06
-
Range Rover SV Ultra Launched: कीमत ₹3.80 करोड़, देखें फीचर्स
2026-08-06
-
नितिन गडकरी ने आलोचकों को दी खुली चुनौती, ई-20 पर उठाए सवाल
2026-07-07