वोल्वो की नई फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक एसयूवी EX90 भारत में लॉन्च, कीमत 1.26 करोड़ रुपये, मिलेगी 625 किमी तक की रेंज

खबर सार :-

वोल्वो EX90 इलेक्ट्रिक एसयूवी 1.26 करोड़ रुपये की कीमत पर भारत में लॉन्च हो गई है। जानिए इसकी कीमत, रेंज, फीचर्स और अन्य जानकारियां।
Volvo EX90 भारत में लॉन्च, कीमत 1.26 करोड़ रुपये

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली : वोल्वो इंडिया ने अपने इलेक्ट्रिक वाहन (EV) पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए अपनी नई फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक एसयूवी EX90 को भारतीय बाजार में पेश कर दिया है। इस प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी की एक्स-शोरूम कीमत 1.26 करोड़ रुपये रखी गई है। स्वीडिश डिजाइन, बेहतरीन प्रदर्शन और अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह वाहन फुल-साइज लग्जरी एसयूवी सेगमेंट में एक नया विकल्प प्रदान करता है।

कीमत और वेरिएंट की जानकारी

वोल्वो EX90 को भारतीय बाजार में केवल एक ही पूरी तरह से सुसज्जित 'अल्ट्रा' वेरिएंट में उपलब्ध कराया गया है। इस मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 1.26 करोड़ रुपये तय की गई है। इस लग्जरी ई-एसयूवी के लिए बुकिंग देश भर की अधिकृत वोल्वो डीलरशिप के माध्यम से शुरू हो चुकी है। इसके टेस्ट ड्राइव अगले महीने से शुरू होंगे, जबकि ग्राहकों को वाहनों की डिलीवरी जनवरी 2027 से मिलने लगेगी। इसके अलावा, इस साल के अंत तक वाहन बुक करने वाले ग्राहकों को 11 किलोवाट एसी फास्ट चार्जर, 3 साल का सर्विस पैकेज और एक निश्चित बायबैक स्कीम जैसे लाभ दिए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें :- नवी मुंबई में होगा 2026 इंडियन रेसिंग फेस्टिवल का ग्रैंड फिनाले, बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर भी होंगी रेस

डिजाइन और आयाम

वोल्वो EX90 का डिजाइन मिनिमलिस्टिक भाषा पर आधारित है। वाहन के अगले हिस्से में बंद ग्रिल पर कंपनी का सिग्नेचर लोगो, एलईडी डीआरएल के भीतर बंद 'थॉर'स हैमर' एलईडी हेडलैंप और लोअर एयर डैम के चारों ओर ग्‍लॉस ब्लैक फिनिश वाला बंपर दिया गया है। साइड से देखने पर यह काफी हद तक XC90 जैसी दिखती है, हालांकि इसमें फ्लश-फिट डोर हैंडल और 21 इंच के अलॉय व्हील इसे अलग पहचान देते हैं। पीछे की तरफ 'सी-शेप्ड' कनेक्टेड एलईडी टेललैंप्स, डी-पिलर पर ब्रेक लाइट्स, रूफ स्पॉइलर और बंपर पर चौड़ी ग्लॉस ब्लैक क्लैडिंग मिलती है। इस एसयूवी की लंबाई 5037 मिमी, चौड़ाई 1964 मिमी, ऊंचाई 1744 मिमी और व्हीलबेस 2985 मिमी है।

बैटरी, पावर और रेंज

परफॉर्मेंस के मोर्चे पर, वोल्वो EX90 में 106 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है, जिसके साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सिस्टम मिलता है। यह सेटअप 462 PS की पावर और 670 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह एसयूवी महज 5.5 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और डब्ल्यूएलटीपी (WLTP) साइकिल के अनुसार इसकी सिंगल चार्ज रेंज 625 किलोमीटर है। इसमें 350 kW की डीसी फास्ट चार्जिंग क्षमता भी है, जिससे बैटरी को मात्र 22 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें :-Volkswagen ने उठाया नई ID.Tiguan से पर्दा, ID.4 और ID.5 की जगह लेगी यह नई इलेक्ट्रिक SUV

इंटीरियर और कलर विकल्प

केबिन के अंदर भी न्यूनतम डिजाइन थीम को अपनाया गया है। इसका मुख्य आकर्षण एक बड़ी सेंट्रल टचस्क्रीन है, जिससे इंफोटेनमेंट से लेकर क्लाइमेट कंट्रोल और ओआरवीएम एडजस्टमेंट तक को नियंत्रित किया जाता है। केबिन में लेदर सीट अपोल्स्ट्री, एल्युमिनियम और लकड़ी के इंसर्ट दिए गए हैं। भारत में यह एसयूवी 6-सीटर लेआउट में पेश की गई है, जिसमें दूसरी पंक्ति में इंडिविजुअल आर्मरेस्ट और स्लाइड-एंड-रिचाइन फंक्शन के साथ कैप्टन सीटें मिलती हैं। यह छह मोनोरोन रंगों - डेनिम ब्लू, सैंड ड्यून, मलबेरी रेड, क्रिस्टल व्हाइट, ओनेक्स ब्लैक और वेपर ग्रे में उपलब्ध है।

फीचर्स और सुरक्षा

फीचर्स की सूची में इन-बिल्ट गूगल के साथ 14.5 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, 25-स्पीकर बॉवर्स एंड विल्किंस सराउंड साउंड सिस्टम, 9 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और पैनोरमिक फोटोक्रोमिक ग्लास रफ शामिल हैं। सुरक्षा के लिहाज से इसमें 9 एयरबैग, लेवल 2 एडीएएस, 360-डिग्री कैमरा, ईएससी, टीपीएमएस और यूरो एनसीएपी क्रैश टेस्ट में 5-स्टार रेटिंग मिलती है। बूट स्पेस की बात करें तो तीनों पंक्तियों के उपयोग में होने पर 324 लीटर और तीसरी पंक्ति को मोड़ने पर 690 लीटर की जगह मिलती है, साथ ही आगे 46 लीटर का 'फ्रंक' स्टोरेज भी उपलब्ध है।

वोल्वो की यह नई पेशकश कंपनी की वैश्विक रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत वह आने वाले वर्षों में पूरी तरह से इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है। EX90 को कंपनी की अब तक की सबसे सुरक्षित और तकनीकी रूप से उन्नत कारों में गिना जाता है, जिसे फुल-साइज लग्जरी इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में स्थापित खिलाड़ियों के मुकाबले उतारा गया है।

ये भी पढ़ें :- Honda Elevate Facelift लॉन्च: जानिए कीमत, नए फीचर्स और डिजाइन अपडेट्स

अन्य प्रमुख खबरें