हलियापुर में बिजली संकट से मिलेगी राहत, सांसद किशोरी लाल शर्मा ने 250 केवीए ट्रॉलीयुक्त ट्रांसफार्मर किया समर्पित

खबर सार :-

सांसद ने कहा कि बिजली व्यवस्था मजबूत होने से किसानों को सिंचाई कार्य में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और छोटे व्यापारियों तथा ग्रामीण उद्यमियों के कार्य भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगे।
हलियापुर में बिजली संकट से मिलेगी राहत, सांसद किशोरी लाल शर्मा ने 250 केवीए ट्रॉलीयुक्त ट्रांसफार्मर किया समर्पित

खबर विस्तार : -

सुल्तानपुर: बल्दीराय तहसील के हलियापुर क्षेत्र में बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने से होने वाली बिजली कटौती की समस्या से अब लोगों को काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। सोमवार को अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने स्थानीय क्षेत्र विकास निधि योजना के तहत 9.88 लाख रुपये की लागत से स्थापित 250 केवीए क्षमता के ट्रॉलीयुक्त विद्युत ट्रांसफार्मर का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। इस ट्रांसफार्मर के उपलब्ध होने से अब किसी भी गांव या क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में तत्काल वैकल्पिक ट्रांसफार्मर पहुंचाकर बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल की जा सकेगी।

उपभोक्ताओं को मिलेगा त्वरित समाधान

श्याम बख्श सिंह महाविद्यालय परिसर में आयोजित लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ट्रॉलीयुक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था से बिजली व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा खराब ट्रांसफार्मर बदलने में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को लंबे समय तक अंधेरे में नहीं रहना पड़ेगा और विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर त्वरित समाधान मिल सकेगा।

 उन्होंने कहा कि बिजली, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास ग्रामीण क्षेत्रों की प्रगति के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सांसद निधि का उपयोग ऐसे कार्यों में किया जा रहा है, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिले। ट्रॉलीयुक्त ट्रांसफार्मर जैसी व्यवस्था आपातकालीन परिस्थितियों में बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और विद्युत विभाग की कार्यक्षमता भी बढ़ाएगी।

कम समय में पूरा होगा काम

इस अवसर पर मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता बी.के. जैन, अधिशासी अभियंता शशांक शुक्ला, उपखंड अधिकारी मार्तंड प्रताप सिंह तथा अवर अभियंता परशुराम ने बताया कि ट्रॉलीयुक्त ट्रांसफार्मर के उपलब्ध होने से खराब ट्रांसफार्मर को बदलने में पहले की तुलना में काफी कम समय लगेगा। इससे बिजली आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया तेज होगी और उपभोक्ताओं को बेहतर एवं समयबद्ध विद्युत सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

लोकार्पण समारोह में पूर्व प्रधान किरन सिंह, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, कांग्रेस के अमेठी जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंगल, पूर्व विधायक राधेश्याम कन्नौजिया, विधानसभा प्रभारी अजमल हक, विजय पासी, प्रभात सिंह, जिला पंचायत सदस्य दीपू उपाध्याय, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, वीरेंद्र मिश्रा, राजेंद्र शुक्ला, शंभू शरण सिंह, लाल सिंह उर्फ धीरेंद्र प्रताप, मुदित सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सांसद ने लोगों से बिजली का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील करते हुए विभाग को उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ेंः-पाइपलाइन कार्य से क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द होगी मरम्मत, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
 

अन्य प्रमुख खबरें