सुल्तानपुर में साइबर पुलिस की बड़ी सफलता, 19 पीड़ितों को 24 घंटे में लौटाए रुपए

खबर सार :-

हाल ही में, ज़िले में साइबर धोखाधड़ी के पीड़ितों के लिए अच्छी ख़बरें सामने आ रही हैं। साइबर अपराधों के ख़िलाफ़ असरदार कार्रवाई तेज़ हो गई है, जिससे ऐस साइबर ठगी का शिकार बने लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है।
सुल्तानपुर में साइबर पुलिस की बड़ी सफलता, 19 पीड़ितों को 24 घंटे में लौटाए रुपए

खबर विस्तार : -

सुल्तानपुर: जनपद में साइबर ठगी के शिकार लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जून माह में साइबर अपराध के 19 पीड़ितों की करीब ₹10,33,140 की ठगी गई धनराशि उनके खातों में वापस कराई। इस कार्रवाई के बाद पीड़ितों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है और पुलिस की कार्यप्रणाली की व्यापक सराहना हो रही है।

लगातार चलाया जा रहा अभियान

पुलिस अधीक्षक चारू निगम के नेतृत्व में जनपद में साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। साइबर ठगी की शिकायत मिलते ही पुलिस टीम द्वारा त्वरित तकनीकी कार्रवाई की जा रही है, जिससे ठगी गई रकम को समय रहते होल्ड कर पीड़ितों तक वापस पहुंचाया जा रहा है। जून माह के दौरान जिन पीड़ितों ने ठगी होने के 24 घंटे के भीतर शिकायत दर्ज कराई, उनकी धनराशि वापस कराने में पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली।

प्रेस वार्ता के दौरान एसपी चारू निगम ने बताया कि साइबर अपराध के मामलों में समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि पीड़ित तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराता है या नजदीकी साइबर थाने में सूचना देता है, तो ठगी गई रकम वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लिंक, ओटीपी, फर्जी कॉल या ऑनलाइन भुगतान से पहले पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में बिना विलंब शिकायत दर्ज कराएं।

पीड़ितों को मिली राहत

धनराशि वापस मिलने के बाद सभी पीड़ितों ने सुल्तानपुर पुलिस और साइबर थाना टीम का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि समय पर पुलिस की कार्रवाई के कारण उनकी मेहनत की कमाई वापस मिल सकी। पुलिस की इस पहल से न केवल पीड़ितों को राहत मिली है, बल्कि आमजन में भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता और पुलिस पर विश्वास मजबूत हुआ है।

सुल्तानपुर पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी साइबर अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों को लगातार जागरूक किया जाएगा, ताकि वे ऑनलाइन ठगी से बच सकें और किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराकर अपनी धनराशि सुरक्षित वापस पाने का प्रयास कर सकें।

यह भी पढ़ेंः-रामपुर साइबर पुलिस की बड़ी सफलता, ठगे गए रुपए पीड़ित के खाते में कराए वापस
 

अन्य प्रमुख खबरें