मोहर्रम को लेकर सोनभद्र में पीस कमेटी की बैठक, शांति और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

खबर सार :-
जिला मजिस्ट्रेट चर्चित गौड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। मुहर्रम के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, पीने के पानी, रोशनी और ट्रैफ़िक मैनेजमेंट के लिए मजबूत इंतजाम करने पर जोर दिया गया।
मोहर्रम को लेकर सोनभद्र में पीस कमेटी की बैठक, शांति और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
खबर विस्तार : -

सोनभद्र: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान विभिन्न धर्मगुरु, ताजियादार, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में सभी समुदायों के लोगों ने आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया।

दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि मोहर्रम का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप और प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी ताजिया की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होगी। साथ ही ताजिया जुलूस निकालने के लिए पेड़ों की डालियों की कटाई या सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी आयोजक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी तथा पूर्व से निर्धारित कर्बला स्थलों पर ही ताजिया दफन किए जाएंगे। उन्होंने जुलूसों में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए और कहा कि कानून व्यवस्था से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

नियमों का होगा सख्ती से पालन

बैठक में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी प्रसारित करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मोहर्रम के दौरान ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। निर्धारित मानक से अधिक ध्वनि में डीजे बजाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी कार्यक्रम प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किए जाएं।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर ढीले और झूलते हुए बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन की ओर से मोहर्रम के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारियां किए जाने की जानकारी दी गई। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ेंः-मोहर्रम और आगामी त्योहारों को लेकर झांसी में पीस कमेटी की बैठक, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
 

अन्य प्रमुख खबरें