सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष: विकास प्रदर्शनी में दिखी विकसित भारत की झलक

खबर सार :-
सामाजिक कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने दीप जलाकर विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियों और 'विकसित भारत' के संकल्प को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।
सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष: विकास प्रदर्शनी में दिखी विकसित भारत की झलक
खबर विस्तार : -

सोनभद्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोनभद्र के पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित चार दिवसीय भव्य विकास प्रदर्शनी का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, सदर विधायक भूपेश चौबे, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

विभिन्न परियोजनाओं को किया प्रस्तुत

प्रदर्शनी का उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विकसित भारत के संकल्प को आमजन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, तकनीकी नवाचारों, आधारभूत संरचना के विकास तथा सामाजिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में डिजिटल माध्यमों, पोस्टरों और मॉडल्स के जरिए विकास की विभिन्न परियोजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, स्मार्ट फोन, चेक तथा अन्य सहायता सामग्री वितरित की गई। अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं, जबकि स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं से हुए सकारात्मक बदलावों के अनुभव भी साझा किए।

राज्य मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां

मुख्य अतिथि राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और गरीब, किसान, महिला, युवा तथा वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समावेशी विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण करना है।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सोनभद्र जिले में तकनीकी नवाचार, आधारभूत विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगारपरक पहलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास जारी है।

चार दिनों तक चलने वाली इस विकास प्रदर्शनी में आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और लाभ लेने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला।

यह भी पढ़ेंः-झांसी में चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ, सांसद अनुराग शर्मा ने किया उद्घाटन
 

अन्य प्रमुख खबरें