पाइपलाइन कार्य से क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द होगी मरम्मत, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

खबर सार :-

नगर आयुक्त की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक हुई। इसमें जल निगम, जल संस्थान और CUGL द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत पर चर्चा की गई। बैठक में जन-प्रतिनिधियों और पार्षदों से मिली शिकायतों के समाधान के पहले चरण के तहत वार्डों जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई।
पाइपलाइन कार्य से क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द होगी मरम्मत, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

खबर विस्तार : -

झांसीः शहर में जल निगम, जल संस्थान और सीयूजीएल द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत में हो रही देरी को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पाइपलाइन कार्य से प्रभावित सभी सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरी कराई जाए, ताकि नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके। 

मरम्मत कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश

बैठक में जनप्रतिनिधियों और पार्षदों से प्राप्त शिकायतों के पहले चरण की समीक्षा की गई। इस दौरान वार्ड संख्या 1, 3, 6, 7, 8, 9, 10, 12, 22 और 25 में पाइपलाइन कार्य के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों, अधूरे कनेक्शन और अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने उपस्थित पार्षदों से उनके क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली और समस्याओं को गंभीरता से सुना। पार्षदों ने कई स्थानों पर सड़कें लंबे समय से खुदी होने, मरम्मत कार्य में देरी तथा घरों में पाइपलाइन कनेक्शन अधूरे रहने की शिकायतें रखीं।

 इस पर नगर आयुक्त ने जल संस्थान, जल निगम और सीयूजीएल के अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित स्थानों पर सड़क मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू किया जाए। साथ ही जहां नई पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, वहां घर-घर कनेक्शन देने की प्रक्रिया भी निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। 

विभागों की तय होगी जवाबदेही

उन्होंने स्पष्ट किया कि नई सड़क बनने के बाद नगर निगम की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी विभाग को सड़क खोदने की अनुमति नहीं होगी। यदि भविष्य में बिना अनुमति सड़क खोदी गई तो संबंधित विभाग की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और पाइपलाइन कार्यों की बेहतर योजना बनाकर ही विकास कार्य किए जाएं, जिससे सरकारी धन की बर्बादी रोकी जा सके और नागरिकों को बार-बार असुविधा का सामना न करना पड़े। 

बैठक में नगर निगम के मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक जल संस्थान, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, जल निगम एवं नगर निगम के अधिकारी, सीयूजीएल के प्रबंधक तथा संबंधित वार्डों के पार्षद मौजूद रहे। अधिकारियों ने नगर आयुक्त को आश्वस्त किया कि चिन्हित क्षेत्रों में सड़क मरम्मत और पाइपलाइन कनेक्शन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाएगा।

यह भी पढ़ेंः-1 जुलाई से खत्म होगी ईंधन खरीद की लिमिट, व्यावसायिक ग्राहकों को Petrol-Diesel खरीदने की पूरी आजादी
 

अन्य प्रमुख खबरें