ऑटो चालक की ईमानदारी बनी मिसाल, लाखों के जेवरों से भरा बैग लौटाया, जीआरपी ने किया सम्मानित

खबर सार :-

झांसी रेलवे स्टेशन पर एक महिला को ऑटो चालक ने बैग वापस किया जिसमें जिसमें कीमती सामान था। इस पर ऑटो चालक शिवा की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए रेलवे पुलिस कार्यालय में उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
ऑटो चालक की ईमानदारी बनी मिसाल, लाखों के जेवरों से भरा बैग लौटाया, जीआरपी ने किया सम्मानित

खबर विस्तार : -

झांसी: झांसी रेलवे स्टेशन पर एक ऑटो चालक की ईमानदारी ने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। ट्रेन से झांसी पहुंची एक महिला यात्री का लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग ऑटो में छूट गया, लेकिन चालक ने लालच में आए बिना बैग सुरक्षित रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया। जीआरपी की त्वरित कार्रवाई के बाद बैग उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दिया गया। इस सराहनीय कार्य के लिए रेलवे पुलिस अधीक्षक ने ऑटो चालक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

ऑटो ड्राइवर का पता लगा रही थी जीआरपी

जीआरपी के अनुसार, गुमनावारा निवासी सुनीता पत्नी ओमकार नाथ 29 जून को ट्रेन संख्या 11802 प्रयागराज एक्सप्रेस से बांदा से झांसी रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। स्टेशन से अपने घर जाने के लिए उन्होंने एक ऑटो किराए पर लिया। घर पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उनका खाकी-हरे रंग का बैग ऑटो में ही छूट गया है। बैग में सोने-चांदी के आभूषणों के अलावा अन्य महत्वपूर्ण सामान भी रखा हुआ था। बैग गुम होने की जानकारी मिलते ही महिला ने जीआरपी से संपर्क कर मदद मांगी।

सूचना मिलने के बाद जीआरपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संबंधित ऑटो की पहचान की गई और चालक शिवा पुत्र टिंकू निवासी भट्टेगांव, थाना सदर, झांसी का पता लगाया गया। पुलिस के संपर्क करने से पहले ही चालक ने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग सुरक्षित अपने पास रखा और उसे लेकर स्वयं जीआरपी थाने पहुंच गया।

टैक्सी चालकों से की अपील

इसके बाद महिला को थाने बुलाकर बैग की पहचान कराई गई। जांच करने पर बैग में रखे सभी सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान सुरक्षित मिले। अपना सामान सही-सलामत वापस मिलने पर महिला ने ऑटो चालक शिवा की ईमानदारी और जीआरपी की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

रेलवे पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समाज में ऐसे ईमानदार नागरिक दूसरों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने सभी ऑटो एवं टैक्सी चालकों से अपील की कि यदि किसी यात्री का सामान उनके वाहन में छूट जाए तो उसे तत्काल निकटतम थाना या जीआरपी के सुपुर्द करें, ताकि वह सुरक्षित उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की रक्षा में आम नागरिकों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्य समाज में विश्वास और सकारात्मक संदेश को मजबूत करते हैं तथा दूसरों को भी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।

यह भी पढ़ेंः-2030 तक पानी बनेगा सबसे बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर! भारत के वाटर सेक्टर में 20 लाख करोड़ रुपये निवेश की संभावना
 

अन्य प्रमुख खबरें