Yeh Prem Mol Liya: पर्दे पर फिर लौट रहा ‘प्रेम’, सूरज बड़जात्या की फिल्म में आयुष्मान निभाएंगे लीड रोल

खबर सार :-
Yeh Prem Mol Liya: सूरज बड़जात्या अपनी पारिवारिक फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्मों का मुख्य किरदार ‘प्रेम’ दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बना लेता है। अब उन्होंने अपनी नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का ऐलान कर दिया है। इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ लीड रोल में नजर आएंगे।

Yeh Prem Mol Liya: पर्दे पर फिर लौट रहा ‘प्रेम’, सूरज बड़जात्या की फिल्म में आयुष्मान निभाएंगे लीड रोल
खबर विस्तार : -

Yeh Prem Mol Liya: बड़े पर्दे पर एक बार फिर ‘प्रेम’ का जादू चलने वाला है। सूरज बड़जात्या की नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ की रिलीज डेट सामने आ चुकी है। एक ऑफिशियल अनाउंसमेंट करते हुए राजश्री प्रोडक्शंस ने बताया कि यह फिल्म 27 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर बनाई जा रही इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ लीड रोल में नजर आएंगे।

प्रोड्यूसर्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए फिल्म की रिलीज डेट शेयर की। बताया जा रहा है कि फिल्म की रिलीज के लिए इस दिन को इसलिए चुना गया क्योंकि इसके आस-पास दूसरी कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है। ‘रामायणः भाग 1’ के बाद नवंबर के अंत तक सिनेमाघरों में बड़े बैनर की दूसरी फिल्म रिलीज न होने से आयुष्मान खुराना की इस फिल्म को बाॅक्स ऑफिस पर फायदा मिल सकता है। सूरज बड़जात्या इस फिल्म के साथ एक बार फिर अपने जाने-पहचाने जॉनर में वापसी कर रहे हैं।

फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्साह

'ये प्रेम मोल लिया' को लेकर दर्शकों में अभी से ही काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। आयुष्मान और शरवरी की नई जोड़ी भी चर्चा का एक बड़ा विषय बन गई है। माना जा रहा है कि यह फिल्म बड़े पर्दे पर पारिवारिक मूल्यों, रिश्तों और प्यार पर आधारित एक संवेदनशील और दिल को छू लेने वाली कहानी पेश करेगी। राजश्री प्रोडक्शंस की इस नई पेशकश के साथ दर्शक एक बार फिर क्लासिक फैमिली सिनेमा का जादू बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर सकते हैं। ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ-साथ हैं’, ‘विवाह’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसी हिट फिल्में दे चुके सूरज बड़जात्या की इस फिल्म से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।

अन्य प्रमुख खबरें