NZ VS BAN : तंजीद हसन की आक्रामक अर्धशतकीय पारी, बांग्लादेश ने दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया, सीरीज में की 1-1 की बराबरी

खबर सार :-
तंजीद हसन के आक्रामक अर्धशतक, नाहिद राणा के 5 विकेट की बदौलत बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया। शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 198 रन बनाए। ओपनर निक केरी ने सर्वाधिक 83 रन बनाए। 199 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने तंजीद हसन व नजमुल हुसैन शांतों के अर्धशतक की बदौलत 35.3 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

NZ VS BAN : तंजीद हसन की आक्रामक अर्धशतकीय पारी, बांग्लादेश ने दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया, सीरीज में की 1-1 की बराबरी
खबर विस्तार : -

NZ VS BAN : बांग्लादेश ने सोमवार को दूसरे वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया। शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड से मिले 199 रनों के लक्ष्य को बांग्लादेश ने 4 विकेट खोकर 35.3 ओवर में हासिल कर लिया। 

तंजीद हसन-शांतो ने शतकीय साझेदारी कर दिलाई जीत

न्यूजीलैंड से मिले 199 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सैफ हसन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 8 रन बनाकर नाथन स्मिथ का शिकार बने। वहीं, सौम्य सरकार भी 11 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 8 रन ही बना सके। हालांकि, इसके बाद तंजीद हसन और नजमुल हुसैन शांतो ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। दोनों ने मिलकर 120 रन जोड़े। 

तंजीद ने सिर्फ 58 गेंदों में खेली 76 रनों की दमदार पारी 

तंजीद सिर्फ 58 गेंदों में 76 रनों की दमदार पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 4 छक्के लगाए। नजमुल हुसैन 71 गेंदों में 50 रनों की पारी खेलने के बाद रिटायर्ड हर्ट हुए। लिटन दास 11 गेंदों में 7 रन ही बना सके। तौहीद हृदोय 31 गेंदों में 30 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कप्तान मेहदी हसन मिराज 8 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे। न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी में रिचर्ड लेनोक्स ने 36 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं, नाथन स्मिथ ने एक विकेट निकाला।

न्यूजीलैंड के लिए निक केरी ने खेली 83 रनों की शानदार पारी

इससे पहले, न्यूजीलैंड की पूरी टीम 48.4 ओवर में 198 रन बनाकर ऑलआउट हुई। हेनरी निकोल्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह 26 गेंदों में सिर्फ 13 रन ही बना सके। वहीं, विल यंग 7 गेंदों में 2 रन बनाने के बाद नाहिद राणा का शिकार बने। कप्तान टॉम लाथम 35 गेंदों का सामना करने के बाद महज 14 रन ही बना सके। इसके बाद चौथे विकेट के लिए मोहम्मद अब्बास और निक केरी ने 56 रन जोड़े और टीम के स्कोर को 100 रनों के पार पहुंचाया। अब्बास 19 रन बनाकर आउट हुए। केरी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 102 गेंदों में 83 रनों की शानदार पारी खेली। केरी ने अपनी इस पारी में 14 चौके लगाए।

नाहिद राणा ने 5 विकेट लेकर तोड़ी न्यूजीलैंड की कमर 

डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 15 रन बनाकर नाहिद राणा की गेंद पर लिटन दास को कैच देकर पवेलियन लौटे। नाथन स्मिथ ने 23 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए। ब्लेयर टिकनर ने 11 गेंदों में 12 रन बनाए। गेंदबाजी में बांग्लादेश की ओर से नाहिद राणा शानदार लय में नजर आए और उन्होंने 10 ओवर में महज 32 रन खर्च करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए।

 बांग्लादेश ने सीरीज की 1-1 से बराबर 

वहीं, शोरिफुल इस्लाम ने 32 रन देकर 2 विकेट निकाले। तस्कीन अहमद और सौम्य सरकार ने एक-एक विकेट चटकाया। बांग्लादेश ने दूसरे वनडे को जीतकर तीन मैचों की सीरीज को अब 1-1 से बराबर कर दिया है। सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 26 रनों से हराया था।
 

अन्य प्रमुख खबरें