RR vs DC Live Score IPL 2026: जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 43वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स (RR) बनाम दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने कप्तान रियान पराग की शानदार पारी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स के सामने जीत के लिए 226 रनों का लक्ष्य रखा है। दिल्ली की ओर से मिशेल स्टार्क ने 40 रन देकर 3 विकेट लिए।
इससे पहले टॉस जीतने के बाद राजस्थान रॉयल्स के 24 वर्षीय कप्तान, रियान पराग ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शुरुआत में कप्तान का यह फैसला उल्टा पड़ता दिखा। यशस्वी जायसवाल (6) जिन्होंने मैच की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा था, तीसरी गेंद पर गेंदबाज मिशेल स्टार्क को ही कैच थमा बैठे। अगले ओवर की पांचवीं गेंद पर, टीम ने वैभव सूर्यवंशी का विकेट भी गंवा दिया, जो सिर्फ एक बाउंड्री लगाकर पवेलियन लौट गए। 1.5 ओवर के अंत तक, टीम दो विकेट गंवा चुकी थी और स्कोर 12 रन था।
यहां से कप्तान रियान पराग ने ध्रुव जुरेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 102 रनों की साझेदारी की जिससे टीम का कुल स्कोर 114 तक पहुंच गया। जुरेल 30 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुए जिसमें एक छक्का और चार चौके शामिल थे। इसके बाद, रियान पराग ने रवींद्र जडेजा के साथ चौथे विकेट के लिए 28 गेंदों में 53 रनों की साझेदारी की, जिससे टीम एक मजबूत स्कोर तक पहुंच गई। जडेजा 14 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए,जबकि कप्तान पराग ने 50 गेंदों में 90 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें पांच छक्के और आठ चौके शामिल थे।
कप्तान के अलावा डोनोवन फरेरा 14 गेंदों में 47 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें उन्होंने 6 छक्के और 2 चौके शामिल है। जिसके दम पर राजस्थान ने अपने निर्धारित ओवरों में कुल 225/6 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मिशेल स्टार्क ने 40 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि काइल जैमीसन, अक्षर पटेल और टी. नटराजन ने एक-एक विकेट लिया।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, नांद्रे बर्गर और ब्रजेश शर्मा।
दिल्ली कैपिटल्स : केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नीतीश राणा, समीर रिज़वी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, काइल जैमीसन, मिशेल स्टार्क, कुलदीप यादव और टी. नटराजन।