LSG vs RCB Pitch Report: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 50वां मैच गुरुवार शाम को एकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच मुकाबला आज शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। भले ही एकाना एलएसजी का घरेलू मैदान क्यों न हो, लेकिन इस मैदान पर आरसीबी के खिलाफ टीम का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। एलएसजी एकाना स्टेडियम में आरसीबी के खिलाफ एक भी मैच जीतने में नाकाम रही है।
आईपीएल 2026 में भी लखनऊ ने अब तक बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया है। टीम नौ मैचों में सिर्फ दो जीत दर्ज कर पाई है और फिलहाल पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान (10वें स्थान) पर है। टीम को अपने हाल के मैचों में लगातार छठी हार का सामना करना पड़ा है। नतीजतन, आरसीबी जैसी मजबूत टीम के खिलाफ होने वाले इस मुकाबले को देखते हुए, ऋषभ पंत की कप्तानी वाली LSG टीम से किसी चमत्कारिक प्रदर्शन की उम्मीद कम ही की जा रही है। इसके अलावा, अपने घरेलू मैदान पर बेंगलुरु के खिलाफ लखनऊ का पिछला रिकॉर्ड भी बेहद खराब रहा है।
अब तक, एकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच दो मैच खेले गए हैं। इन दोनों ही मुकाबलों में लखनऊ को हार का सामना करना पड़ा है। दोनों टीमों के बीच पहला मैच एकाना स्टेडियम में 2023 में खेला गया था। बेंगलुरु ने यह मैच 18 रनों से जीता था। इसी मैदान पर दोनों टीमों के बीच दूसरी भिड़ंत 2025 में हुई थी, जिसमें आरसीबी 6 विकेट से विजयी रही थी। एकाना में 2026 के IPL मुकाबले का नतीजा और कौन सी टीम भारी पड़ेगी गुरुवार रात को पता चलेगा।
लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच कुल 7 मैच खेले गए हैं; इनमें से आरसीबी ने 5 बार जीत हासिल की है, जबकि एलएसजी को सिर्फ़ 2 मैचों में जीत मिली है। इस सीज़न के पहले मुकाबले में, बेंगलुरु ने लखनऊ को 5 विकेट से हराया था। लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) की टीम प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है। ऐसे में उसकी नजर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ सम्मान की लड़ाई जीतने पर होगी।
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) टीम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली से सबसे बड़ा खतरा होगा। विराट कोहली इस समय शानदार फ़ॉर्म में हैं। आज के मैच में सिर्फ़ 78 रन बनाकर, विराट कोहली T20 क्रिकेट में अपने 14,000 रन भी पूरे कर लेंगे। IPL 2026 के अब तक खेले गए 9 मैचों में, विराट कोहली ने 54.14 की औसत से 379 रन बनाए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं।
एकाना स्टेडियम की पिच की बात करें तो यह धीमी और कम स्कोर वाला होने की उम्मीद है, जो गेंदबाजों के लिए फायदेमंद साबित होगी। काली मिट्टी से बनी यह पिच पारंपरिक रूप से धीमी होती है और इस पर गेंद को अच्छी पकड़ मिलती है, जिससे बल्लेबाजों के लिए सीधे बल्ले से खेलना एक मुश्किल चुनौती बन जाता है।
लखनऊ में तड़के आंधी के साथ हुई बारिश ने क्रिकेट फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि शाम को मौसम साफ रहेगा, जिससे मैच में बाधा नहीं आएगी। हालांकि, दोपहर 1 बजे तक रह-रहकर बारिश की संभावना है। दोपहर बाद से शाम और रात के समय बारिश का प्रभाव नहीं रहेगा। इकाना स्टेडियम के आसपास भी मौसम साफ रहेगा। खेल के दौरान तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
लखनऊ सुपर जायंट्स: जॉश इंग्लिस, निकोलस पूरन, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), एडेन मार्करम, अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, मोहम्मद शमी, अवेश खान, मोहसिन खान, प्राइस यादव
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, जैकब बेथेल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर),क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेज़लवुड, सुयश शर्मा, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड