INDW vs SAW 4th T20I: दक्षिण अफ्रीका में खेली जा रही 5 मैचों की T20 सीरीज में भारतीय टीम की लगातार हार का सिलसिला आखिरकार खत्म हो गया है। सीरीज के पहले तीन मैच गंवाने के बाद, भारतीय टीम ने चौथे मैच में साउथ अफ्रीका को 14 रनों से हरा दिया। टीम इंडिया की इस जीत में दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) ने बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन किया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने अपने तय 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर कुल 185 रन बनाए। तीसरे नंबर पर बैटिंग करते हुए, जेमिमा रोड्रिग्स ने 29 गेंदों में 43 रनों की अहम पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे। इसके बाद छठे नंबर पर बैटिंग करने आईं दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) और सातवें नंबर पर बैटिंग करने वाली ऋचा घोष ने भारतीय टीम के स्कोर को 185 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
नाबाद रहते हुए, इस जोड़ी ने सिर्फ 38 गेंदों में 65 रनों की साझेदारी की। दीप्ति ने 5 चौकों की मदद से 26 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि ऋचा ने 5 चौकों और 1 छक्के के साथ 18 गेंदों में 34 रनों का योगदान दिया। 186 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, साउथ अफ्रीकी टीम 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 171 रन ही बना सकी, और आखिरकार 14 रनों से मैच हार गई। साउथ अफ्रीका के लिए, सुने लुस 40 रनों के साथ टॉप स्कोरर रहीं, जबकि टैज़मिन ब्रिट्स ने 30 रनों का योगदान दिया।
भारतीय टीम के लिए, दीप्ति शर्मा ने अपने T20 करियर का अब तक का सबसे बेहतरीन बॉलिंग प्रदर्शन किया। उन्होंने पहली बार 5 विकेट लिए और अपनी टीम को जीत दिलाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई। दीप्ति ने अपने 4 ओवरों में 19 रन देकर 5 विकेट लिए। क्रांति गौर, श्री चारणी, काशवी गौतम और शैफाली वर्मा ने एक-एक विकेट लिया। दीप्ति शर्मा को बल्ले और गेंद, दोनों से अपने बहुमूल्य और अहम योगदान के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
बता दें कि सीरीज़ का पांचवां और आखिरी मैच सोमवार को खेला जाएगा। भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सीरीज में अपनी हार के अंतर को कम करने की कोशिश करेगी। दक्षिण अफ्रीका अभी सीरीज़ में 3-1 से आगे है।