GG vs DC WPL 2026 : वडोदरा में मंगलवार को खेले गए महिला प्रीमियर लीग (WPL) एलिमिनेटर मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स के खिलाफ 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार चौथी बार फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस मच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 15.4 ओवरों में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया। दिल्ली कैपिटल्स अब फाइनल में 5 फरवरी को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) का सामना करेंगी।
इस मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। टीम ने सिर्फ 59 रन पर 4 विकेट खो दिए थे, जहां से सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी ने जॉर्जिया वेयरहम के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला। वेयरहम 25 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, जिसके बाद मूनी ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 6 चौकों की मदद से 51 गेंदों में नाबाद 62 रन की पारी खेली। उनके अलावा कशवी गौतम ने 18 रन का योगदान दिया। दिल्ली कैपिटल्स के लिए चिनले हेनरी ने 35 रन देकर 3 विकेट लिए जबकि नंदिनी शर्मा ने 2 विकेट लिए। एक विकेट मिन्नू मणि ने भी लिया।
जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 15.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम को लिजेल ली और शैफाली वर्मा से शानदार शुरुआत मिली। सलामी जोड़ी ने 7.1 ओवर में 89 रन जोड़े। लिजेल ली 24 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हुईं जिसमें एक छक्का और आठ चौके शामिल थे जबकि शैफाली वर्मा ने सात चौकों की मदद से 21 गेंदों में 31 रन का योगदान दिया। जब स्कोर 92 रन पर पहुंचा तब तक कैपिटल्स के दोनों ओपनर आउट हो चुके थे।
इसके बाद, कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स और लौरा वोल्वार्ड्ट ने तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 68 रन जोड़े जिससे टीम जीत के करीब पहुंच गई। जेमिमा ने एक छक्के और चार चौकों की मदद से 23 गेंदों में 41 रन बनाए, जबकि लौरा 24 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 32 रन बनाकर नाबाद रहीं। विपक्षी टीम के लिए जॉर्जिया ने सबसे ज़्यादा दो विकेट लिए जबकि राजेश्वरी गायकवाड़ को एक विकेट मिला।
बता दें कि यह चौथी बार जब दिल्ली कैपिटल्स फाइनल में पहुंची हो। इससे पहले दिल्ली तीन बार फाइनल खेला लेकिन हर पर हार का सामने करना पड़ा। WPL 2023 के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस से हार का सामना करना पड़ा था। अगले साल टीम फिर से फाइनल में पहुंची, लेकिन इस बार RCB विजयी रही। 2025 में, दिल्ली कैपिटल्स एक बार फिर मुंबई इंडियंस से टाइटल मैच हार गई।