Deepti Sharma Wisden Award 2026 : विश्व क्रिकेट की सबसे प्रतिष्ठित पत्रिका विजडन (Wisden) ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को साल 2026 के लिए दुनिया की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की खबर मिलते ही दीप्ति के गृह जनपद आगरा में खुशी की लहर दौड़ गई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 'बाइबिल' माने जाने वाले विजडन अल्मानैक में स्थान बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए एक सपना होता है, जिसे दीप्ति ने अपनी मेहनत से सच कर दिखाया है।
दीप्ति शर्मा को यह सम्मान आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 में उनके अविश्वसनीय ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए दिया गया है। उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान अपनी फिरकी का जादू चलाते हुए न केवल 22 विकेट चटकाए, बल्कि मुश्किल समय में बल्ले से 215 रन बनाकर टीम को मजबूती भी प्रदान की। उनके इसी निरंतर प्रदर्शन को देखते हुए विजडन ने उन्हें 'लीडिंग वुमन क्रिकेटर इन द वर्ल्ड' के खिताब से नवाजा है।
विजडन की सूची में दीप्ति का नाम शामिल होने के बाद उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। दीप्ति के पिता भगवान शर्मा और माता सुशीला शर्मा ने अपनी बेटी की सफलता पर गर्व व्यक्त किया है। दीप्ति के भाई और उनके शुरुआती कोच सुमित शर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा "दीप्ति ने हर कदम पर खुद को साबित किया है। जमीनी स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक उसकी मेहनत आज रंग लाई है। विजडन जैसे प्रतिष्ठित सम्मान का मिलना हमारे परिवार और पूरे देश के लिए गर्व की बात है।"
जिला क्रिकेट एसोसिएशन (आगरा) के अध्यक्ष सुनील जोशन ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि आगरा के क्रिकेट इतिहास में यह एक स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाने वाला क्षण है। इस सम्मान से ताजनगरी के युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे क्रिकेट को एक करियर के रूप में चुनने के लिए और अधिक प्रोत्साहित होंगे।
विजडन क्रिकेटर्स अल्मानैक ब्रिटेन की एक वार्षिक पत्रिका है, जिसकी स्थापना 1864 में जॉन विजडन ने की थी। इसे दुनिया की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित खेल पुस्तिकाओं में गिना जाता है। क्रिकेट जगत में इसके आंकड़ों और विश्लेषण को मानक माना जाता है। किसी खिलाड़ी के लिए विजडन की सर्वश्रेष्ठ सूची में आना उसके करियर की सर्वोच्च उपलब्धियों में से एक माना जाता है। दीप्ति शर्मा ने अपनी प्रतिभा से एक बार फिर साबित कर दिया है कि यदि संकल्प दृढ़ हो, तो दुनिया का कोई भी मंच छोटा नहीं पड़ता। आगरा की गलियों से निकलकर क्रिकेट की दुनिया की 'लीडिंग लेडी' बनने तक का उनका सफर करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
अन्य प्रमुख खबरें
PBKS vs LSG Live Score: पंजाब किंग्स ने रचा इतिहास, लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से रौंदा
SRH vs CSK Highlight: रोमांचक मुकाबले में सीएसके को 10 रन से हराकर 'टॉप-4' में पहुंची हैदराबाद
RCB vs DC LIVE Score: दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर किया गेंदबाजी फैसला, ग्रीन जर्सी में उतरी आरसीबी