CSK vs PBKS IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर पंजाब किंग्स ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत, कप्तान श्रेयस ने ठोकी फिफ्टी

खबर सार :-
CSK vs PBKS, IPL 2026 : आईपील के सातवें मैच में, पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया। पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया। चेन्नई ने 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर कुल 209 रन बनाए। पंजाब ने लक्ष्य का पीछा करते हुए, 18.4 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाकर मैच जीत लिया।

CSK vs PBKS IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर पंजाब किंग्स ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत, कप्तान श्रेयस ने ठोकी फिफ्टी
खबर विस्तार : -

CSK vs PBKS IPL 2026 Live Score: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का सातवां मुकाबला में शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) बनाम पंजाब किंग्स (PBKS) बीच खेला गया।  इस रोमांच मुकाबले में पंजाब किंग्स ने सीएसके 5 विकेट से हरा दिया। यह इस सीज़न में पंजाब की लगातार दूसरी जीत है। जबकि यह IPL 2026 में चेन्नई की लगातार दूसरी हार है। पंजाब किंग्स के लिए शानदार बल्लेबाजी करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, प्रियांश आर्य ने 39 रनों की तूफानी पारी खेली। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 209 रन बनाए थे जवाब में पंजाब ने 18.4 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाकर मैच जीत लिया।

CSK vs PBKS Live Score: चेन्नई ने दिया था 210 रनों का लक्ष्य

चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा दिए गए 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, पंजाब किंग्स ने 18.4 ओवर में 5 विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया। पंजाब की शुरुआत ज़ोरदार रही। शानदार बल्लेबाजी करते हुए, प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 4.2 ओवर में 61 रन जोड़े। सिर्फ 11 गेंदों का सामना करते हुए, प्रियांश ने 354 के स्ट्राइक रेट से 39 रन बनाए। अपनी पारी के दौरान, उन्होंने 3 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, प्रभसिमरन ने 34 गेंदों में 43 रन बनाए। कूपर कोनोली ने 22 गेंदों में 36 रनों का योगदान दिया, जिसमें 6 चौके शामिल थे। हालांकि, नेहल वढेरा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा; वह सिर्फ 10 रन बनाकर मैट हेनरी का शिकार बने।

  CSK vs PBKS IPL 2026: श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी

कप्तान श्रेयस अय्यर ने एक छोर संभाले रखा और इस सीज़न का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। अय्यर 29 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। अय्यर के आउट होने के बाद, शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस ने यह सुनिश्चित किया कि पंजाब किंग्स को अब कोई और झटका न लगे। शशांक 6 गेंदों में 14 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि स्टोइनिस ने 3 गेंदों में 9 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। गेंदबाजी की बात करें तो, चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मैट हेनरी और अंशुल कंबोज ने दो-दो विकेट लिए। 

आयुष म्हात्रे की तूफानी पारी

इससे पहले टॉस हारने और पहले बल्लेबाज़ी करने के लिए बुलाए जाने के बाद, चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर स्कोरबोर्ड पर कुल 209 रन बनाए। संजू सैमसन बल्ले से कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए और सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद रुतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre) ने दूसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़े। रुतुराज 22 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच, आयुष ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 43 गेंदों में 73 रनों की ज़बरदस्त पारी खेली। कार्तिक शर्मा एक बार फिर निराश करने वाले साबित हुए और सिर्फ एक रन ही बना पाए।

सरफराज और दुबे ने भी खेली शानदार पारी

हालांकि, सरफराज खान ज़बरदस्त फॉर्म में दिखे; आक्रामक और तेज़-तर्रार अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों में 32 रनों की तूफानी पारी खेली। इसके अलावा, आखिरी ओवरों में शिवम दुबे 27 गेंदों का सामना करते हुए 45 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी के दौरान, दुबे ने 5 चौके और एक छक्का लगाया। गेंदबाज़ी की बात करें तो, पंजाब किंग्स के लिए विजयकुमार वैशाख सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहे जिन्होंने 2 विकेट चटकाए। यह IPL 2026 में चेन्नई की लगातार दूसरी हार है।

अन्य प्रमुख खबरें