Uttarkashi Cloudburst : उत्तराखंड के धराली में आई प्राकृतिक आपदा के बाद राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन में अब तक 110 लोगों को बचाया गया, जिनमें पर्यटक और स्थानीय लोग शामिल हैं। इनमें से कुछ को गंगोत्री धाम भेज दिया गया, जबकि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आईटीबीपी चौकी पर लाया गया।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के डीआईजी (ऑपरेशन) बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि आईटीबीपी की पांच टीमें मौके पर भेजी गईं, जिनमें से तीन टीमें अभी बचाव अभियान का हिस्सा हैं। टीमें हर्षिल और गंगोत्री क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह युद्धस्तर पर अभियान शुरू कर दिया गया। हर्षिल में हवाई बचाव भी शुरू हो गया है। लगभग पांच घायलों को बचा लिया गया है। वहीं, फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए अस्थायी पुल बनाए जा रहे हैं। कुछ सीमावर्ती इलाकों से लाई गई बीआरओ की मशीनें यहां लगाई गई हैं। कुछ लोग खुद को बचाने के लिए पहाड़ी पर चले गए थे, उन्हें भी बचाया जा रहा है।
डीआईजी ने बताया कि लगभग 7 लोग लापता हैं। 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से एक व्यक्ति का शव बुधवार सुबह बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि मौसम का पूर्वानुमान है, लेकिन यह पता लगाना मुश्किल है कि इसका क्या असर होगा। हमारी सेनाएं हमेशा सतर्क रहती हैं। लगातार बारिश होने की जानकारी थी, लेकिन किसी के लिए भी यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि बादल फटने जैसी घटना हुई।
बता दें कि रेस्क्यू ऑपरेशन में बारिश एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। मौसम अनुकूल न होने के कारण बचाव दल को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अगर मौसम अनुकूल रहा, तो अभियान में तेजी आएगी। यदि आगे भी बारिश जारी रही तो हवाई अभियान पर ब्रेक लग सकता है। वहीं जगह-जगह हुए भूस्खलन और सड़कों पर रुकावटें बनी हुई हैं।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में धराली के पास खीरगंगा नदी के ऊपर मंगलवार को बादल फटने से आई बाढ़ ने भारी त्रासदी मचा दी है। इस तबाही का खौफनाक वीडियो सामने आया है जिसमें दिखा जा सकता है कि विशाल लहरें इलाके में तेजी से फैलते हुए लोगों और घरों को अपने साथ बहा ले गईं। इस घटना में 20-25 होटल और होम स्टे के बहने की खबरें हैं। वहीं चार लोगों के मरने की पुष्टि हुई है। जबकि 50 से ज्यादा लोगों के लापता होने या मलबे में फंसे होने की आशंका है। इसके अलावा सेना के 11 जवानों के भी लापता होने की खबर है।
अन्य प्रमुख खबरें
BJP विधायक वुंगजागिन वाल्टे का 62 साल की आयु में निधन, PM Modi ने जताया शोक
Ranveer Singh Threat: बिश्नोई गैंग के धमकीबाज 'हैरी बॉक्सर' की अब खैर नहीं, लुक आउट सर्कुलर जारी
Congress Protest in AI Impact Summit: कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर एक्शन, जांच में हुआ ये बड़ा खुलासा
मानहानि केस में राहुल गांधी का बयान दर्ज, आरोपों का बताया निराधार