Jaipur Chomu Violence: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक मस्जिद के बाहर अचानक हिंसा भड़क गई। जिले के चौमूं कस्बे में शुक्रवार सुबह मस्जिद के बाहर पत्थर हटाने को लेकर दंगाईयों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इतना ही नहीं पुलिस को आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े। फिलहाल इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया। वहीं पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया है।
यह मामला शुक्रवार (26 दिसंबर) की सुबह करीब 4.00 बजे का है। बवाल के बाद वहां इंटरनेट भी बंद किया गया है। यह पाबंदी 24 घंटे के लागू रहेगी। बताया जा रहा है कि विवाद मस्जिद के पास सड़क किनारे रखे पत्थरों को हटाने से शुरू हुआ। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिंसा में छह पुलिसकर्मी घायल हो गए और उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। ज़्यादातर पुलिसकर्मियों को सिर में चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पत्थरबाजी के दौरान कई पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
दरअसल चौमूं तहसील में बस स्टैंड के पास एक मस्जिद के बाहर पत्थर रखा गया था। इसको लेकर गुरुवार शाम को एक खास समुदाय के सदस्यों और पुलिस प्रशासन के बीच एक बैठक हुई, जिसमें समुदाय ने स्वेच्छा से पत्थर हटाने पर सहमति जताई। हालांकि, पत्थर हटाए जाने के बाद, कुछ लोगों ने मस्जिद के पास एक बाउंड्री बनाने के लिए लोहे की रेलिंग लगाना शुरू कर दिया, जिससे फिर से तनाव बढ़ गया।
जब पुलिस ने दखल देने की कोशिश की, तो भीड़ के एक हिस्से ने कथित तौर पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। जैसे ही स्थिति बिगड़ी, चोमू, हरमाड़ा, विश्वकर्मा और दौलतपुरा सहित कई पुलिस स्टेशनों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। भीड़ को तितर-बितर करने और आगे हिंसा को रोकने के लिए, पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले दागे।
उधर चौमूं बस स्टैंड पर पत्थरबाजी की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हर चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात है। चौमूं कस्बा फिलहाल छावनी में तब्दील हो चुका है। वहीं एहतियात के तौर पर पुलिस ने इलाके में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल इलाके में शांति है। पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कड़े शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
अन्य प्रमुख खबरें
BJP विधायक वुंगजागिन वाल्टे का 62 साल की आयु में निधन, PM Modi ने जताया शोक
Ranveer Singh Threat: बिश्नोई गैंग के धमकीबाज 'हैरी बॉक्सर' की अब खैर नहीं, लुक आउट सर्कुलर जारी
Congress Protest in AI Impact Summit: कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर एक्शन, जांच में हुआ ये बड़ा खुलासा
मानहानि केस में राहुल गांधी का बयान दर्ज, आरोपों का बताया निराधार