सुलतानपुर में 34वीं लंबी कूद अखाड़ा प्रतियोगिता का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

खबर सार :-

सुलतानपुर के धर्मदासपुर लोहरामऊ में 34वीं वर्ष लंबी कूद अखाड़ा प्रतियोगिता आयोजित हुई। विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए गए।
सुलतानपुर में 34वीं लंबी कूद अखाड़ा प्रतियोगिता, खिलाड़ियों ने दिखाया दम

खबर विस्तार : -

सुलतानपुर: ग्राम धर्मदासपुर लोहरामऊ में 34वीं वर्ष लंबी कूद अखाड़ा प्रतियोगिता हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ लंभुआ के पूर्व विधायक संतोष पांडेय ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रमुख राम शब्द मिश्र ने की, जबकि संचालन रमजान पहलवान ने किया।

प्रतियोगिता को लेकर आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन में बालक, किशोर, सीनियर पुरुष और बालिका वर्ग में मुकाबले कराए गए।

10 वर्षीय बालक वर्ग में दिव्यांशु प्रथम

10 वर्षीय बालक वर्ग में पथरा के दिव्यांशु पाल ने 17 फीट 10 इंच की छलांग लगाकर प्रथम स्थान हासिल किया। बल्लीपुर के कार्तिक कुमार ने 13 फीट 4 इंच के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि सजैया के आदित्य वर्मा 12 फीट 7 इंच की छलांग के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

हैप्पी यादव ने 16 वर्षीय वर्ग में मारी बाजी

16 वर्षीय बालक वर्ग में मोतिगरपुर के हैप्पी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 फीट की छलांग लगाई और प्रथम स्थान प्राप्त किया। भुलकी के मोहम्मद मोनिश ने 18 फीट 6 इंच के साथ दूसरा और शंकरपुर दोमुंहा के अंशु यादव ने 17 फीट 9 इंच के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

अमित यादव ने जीता सीनियर पुरुष वर्ग

सीनियर पुरुष वर्ग में जौनपुर के अमित यादव ने सबसे लंबी 24 फीट 11 इंच की छलांग लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुलतानपुर के सोम धुरिया ने 23 फीट 3 इंच के साथ दूसरा और कोहड़ौर के हिमांशु धुरिया ने 23 फीट 1 इंच के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में भगवानपुर की आकांक्षा मौर्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी गांव की कीर्ति मौर्य दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि बल्लीपुर की मधु ने तीसरा स्थान हासिल किया।

विजेताओं को दिए आकर्षक पुरस्कार

प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को आयोजकों की ओर से साइकिल, गैस चूल्हा, पेट्रोमैक्स, स्टील टप सहित विभिन्न आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार पाकर खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के निर्णायक की भूमिका अनिल मिश्रा, कमलाकांत तिवारी, धर्मू और चंदन बीडीसी ने निभाई। निर्णायकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करते हुए विजेताओं का चयन किया।

निष्ठा शर्मा ने बांधा समां

कार्यक्रम में सरगम क्वीन एवं वॉयस इंडिया किड्स की विजेता निष्ठा शर्मा ने अपनी शानदार संगीत प्रस्तुति से लोगों का मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और कार्यक्रम का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। कार्यक्रम आयोजक सुभाष चंद्र तिवारी एडवोकेट ने अतिथियों, खिलाड़ियों, समाजसेवियों और उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर राजकुमार दास जी पीठाधीश्वर दशरथ गद्दी अयोध्या, प्रवीण अग्रवाल चेयरमैन, निष्ठा शर्मा, अंश द्विवेदी जिला उपाध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा सहित श्याम नारायण मिश्रा, गोपी मिश्रा, विजय शंकर तिवारी, गुड्डू दुबे, राजकुमार मिश्रा, योगेश तिवारी, मनोज शुक्ला, शिवाकांत तिवारी, दिनेश पांडेय, राधिका प्रसाद पांडेय, राम अवध पाल, कुलदीप वर्मा, मुकेश तिवारी, विनय मिश्रा, अभिषेक तिवारी, पंकज गोस्वामी, शेखर सिंह, संजय सिंह, राकेश सिंह पालीवाल, गिरीश सिंह, भानुकर तिवारी, तिजेंद्र बग्गा और शैलेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

34वीं वर्ष लंबी कूद अखाड़ा प्रतियोगिता ने ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच देने का काम किया। खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की मौजूदगी से आयोजन यादगार बना रहा। आयोजक सुभाष चंद्र तिवारी ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने की बात कही।

यह भी पढ़ेंः-लाड़ली बहना योजना: इस दिन जारी होगी 39वीं किस्त, महिलाओं को मिलेगा ये बड़ा तोहफा

अन्य प्रमुख खबरें