भीलवाड़ा दौरे पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के तीखे तेवर, बोले- आगामी पंचायती राज चुनाव में भाजपा का लहराएगा परचम
खबर सार :-
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने भीलवाड़ा दौरे में पंचायती राज चुनाव, सरकारी स्कूलों, पेपर लीक और शिक्षकों के तबादलों पर बयान दिए। उन्होंने 84 हजार कमरों की मरम्मत का दावा किया।
खबर विस्तार : -
भीलवाड़ाः मूलचंद पेसवानी। राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर शनिवार को एक दिवसीय भीलवाड़ा दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन करने के साथ विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने सरकारी स्कूलों की स्थिति, शिक्षा व्यवस्था, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों, पंचायती राज चुनाव और कांग्रेस शासन को लेकर भी अपनी बात रखी। मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में होने वाले आगामी पंचायती राज चुनाव में भाजपा का परचम लहराएगा।
पंचायती राज चुनाव को लेकर सरकार तैयार
पंचायती राज और निकाय चुनाव को लेकर दिलावर ने कहा कि सरकार पूरी तरह तैयार है। ओबीसी आयोग अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप चुका है। अब चुनाव कार्यक्रम और नोटिफिकेशन जारी करना चुनाव आयोग का काम है। आयोग उचित समय पर चुनाव की घोषणा करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक चुनाव खत्म होते ही अगले चुनाव की तैयारियों में जुट जाती है। पार्टी संगठन चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और आगामी पंचायती राज चुनाव में भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी।
‘पेपर लीक नहीं हुए, पेपर बेचे गए’
पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों नेता “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचने” जैसी स्थिति में हैं।
दिलावर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि उस समय पेपर लीक की बात नहीं थी, बल्कि “पेपर बेचे गए”। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार में पेपर बेचकर फंड जुटाने का काम किया गया।
शिक्षा मंत्री ने अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को लेकर भी पिछली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के नाम पर जनता के साथ धोखा किया गया। कई हिंदी माध्यम स्कूलों की इमारतों पर अंग्रेजी माध्यम के बोर्ड लगा दिए गए, लेकिन अंदर अंग्रेजी माध्यम के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सरकारी स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और अंग्रेजी माध्यम जैसी व्यवस्थाएं विकसित करने का प्रयास कर रही है।
84 हजार जर्जर कमरों की मरम्मत का दावा
दिलावर ने प्रदेश के जर्जर सरकारी स्कूल भवनों के मुद्दे पर कहा कि राज्य में कई स्कूल भवन 40 से लेकर 100 वर्ष तक पुराने हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में करीब 84 हजार कमरों की मरम्मत की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार चरणबद्ध तरीके से इन कमरों की मरम्मत और नए भवनों के निर्माण का काम कर रही है। इसके लिए सरकारी बजट के साथ दानदाताओं और भामाशाहों का सहयोग भी लिया जाएगा। भीलवाड़ा जिले को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि आगामी छह माह में जिले के सभी जर्जर सरकारी स्कूलों को लेकर कार्रवाई पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। जहां भवन पूरी तरह जर्जर हैं, वहां उन्हें ध्वस्त कर नए भवन बनाए जाएंगे, जबकि अन्य भवनों की आवश्यकतानुसार मरम्मत कराई जाएगी।
तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों पर बोले- आश्वासन पूरा करेंगे
तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण के सवाल पर मदन दिलावर ने कहा कि सरकार ने जो आश्वासन दिया है, उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मांग को लेकर सरकार गंभीर है और उचित प्रक्रिया के तहत इस दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में किया पौधारोपण
मंत्री ने भीलवाड़ा शहर के तिलकनगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में भाजपा शास्त्री मंडल के तत्वावधान में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पेड़ धरती मां का श्रृंगार हैं और उनकी रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। पौधारोपण को केवल फोटो खिंचवाने तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि पौधा लगाने के बाद उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान लोगों को ऑक्सीजन के महत्व का सबसे अधिक अहसास हुआ। उन्होंने आमजन से वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
धानमंडी स्कूल में पौधारोपण
शिक्षा मंत्री ने धानमंडी स्थित राजकीय विद्यालय में भी पौधारोपण किया। उन्होंने विद्यार्थियों और आमजन से पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान सीडीईओ अरुणा गारू सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद दिलावर ने वार्ड 51 में आयोजित चिकित्सा शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से शिविर में उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। पूर्व पार्षद उदयलाल तेली ने उनका स्वागत किया।
रामद्वारा और मंदिरों में किए दर्शन
भीलवाड़ा प्रवास की शुरुआत में मंत्री आरसी व्यास कॉलोनी स्थित पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने अवस्थी से मुलाकात की। पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया सहित भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इसके बाद वे माणिक्य नगर स्थित रामद्वारा पहुंचे, जहां चातुर्मास कर रहे आचार्य श्री रामदयाल जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंत्री हरनी महादेव मंदिर भी पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इसके अलावा वार्ड 51 स्थित बड़लेश्वर महादेव मंदिर में भी उन्होंने दर्शन किए।
कार्यक्रमों के दौरान भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, शास्त्री मंडल अध्यक्ष रमेश खोईवाल, जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ेंः-जल जीवन मिशन की टंकी अधूरी, नलों में जंग, बबुरी गांव में हजारों ग्रामीण पेयजल के लिए परेशान
अन्य प्रमुख खबरें
-
शिक्षकों की वाकपीठ का समापन, राजेंद्र काबरा को सचिव और पुष्कर राज तेली कोषाध्यक्ष मनोनीत
2026-08-08
-
एचवीएस इंग्लिश मीडियम स्कूल में प्रेस ट्रस्ट बिजोलिया का विशेष वेलनेस कार्यक्रम
2026-08-08
-
भारत विकास परिषद ने आयोजित किया ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम
2026-08-08
-
सुल्तानपुरः जल जीवन मिशन की टंकी अधूरी, हजारों ग्रामीण पेयजल के लिए परेशान
2026-08-08
-
मेहराज सिंह चौधरी ने सुख-समृद्धि और जनकल्याण का लिया आशीर्वाद
2026-08-08
-
समाजसेवी ने चलाया ‘गड्ढा मुक्त अभियान’, राहगीरों को मिली राहत
2026-08-08
-
मेरठ: सीएम योगी ने कांवड़ियों पर की फूलों की वर्षा
2026-08-08
-
चाकसू के विकास को मिलेगी नई उड़ान: RUIDP फेज-5 की कार्ययोजना पर मंथन, सीवरेज और पेयजल परियोजनाओं को मिलेगी प्राथमिकता
2026-08-08
-
वैगन मरम्मत कारखाने ने तैयार की आधुनिक ब्रेक वैन, मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
2026-08-08
-
चंबा बस हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मु और पीएम मोदी ने जताया दुख
2026-08-08
-
हिमाचल में 14 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी, भूस्खलन से 185 सड़कें बंद
2026-08-08
-
हिमाचल के चंबा में यात्रियों से भरी बस पलटी, 7 की मौत
2026-08-08
-
राजस्थान में बारिश का दौर, 30 जिलों में अलर्ट, भरतपुर में स्कूल बंद
2026-08-08
-
पटना में युवक की मौत पर भारी बवाल, आक्रोशित भीड़ ने फूंके कई वाहन
2026-08-07
-
हिमाचल में मानसून का कहर, 38 दिनों में 142 लोगों की मौत
2026-08-07