लखनऊ बिजली आपूर्ति ठप होने से सड़कों पर उतरे लोग, 150 पर FIR दर्ज

खबर सार :-
Lucknow Power Supply Crisis: लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच बिजली की समस्या से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। आक्रोशित लोगों ने इसके विरोध में जमकर प्रदर्शन किया है।

लखनऊ बिजली आपूर्ति ठप होने से सड़कों पर उतरे लोग, 150 पर FIR दर्ज
खबर विस्तार : -

 Lucknow Power Supply Crisis: राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। एमडीआई के आंकंडों के अनुसार मौसम का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्म हवाएं चल रही है, जिस कारण ज्यादा तपिश महसूस हो रही है। बिजली आपूर्ति में लगातार हो रही कमियों से शहरवासी परेशान हो गए हैं। शुक्रवार को बिजली की मांग में 55 एमवीए की कमी दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद भी फॉल्ट ट्रांसफॉर्मर खराबी और उसे ठीक करने में देरी के कारण कई इलाकों में घंटों तक बिजली ठप रही। 

2 से 26 घंटे तक बिजली ठप

शुक्रवार को ट्रांसफॉर्मर खराबी के कारण कहीं 2 घंटे तो कहीं 26 घंटे तक बिजली गुल रही। इस पर लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए सड़क जाम किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। शहर में बिजली की कुल मांग 2207 एमवीए दर्ज की गई थी, जो पिछले दिनों से 55 एमवीए कम थी। मांग में गिरावट होने के बाद भी सप्लाई सिस्टम में बिजली कटौती की समस्या बनी रही। केबल और ट्रांसफॉर्मर में हुई खराबी से घंटों तक शहर के कई हिस्से अंधकार में डूबे रहे। गीतापल्ली वार्ड स्थित मधुबन नगर में 26 घंटे कर बिजली सप्लाई ठप रही। गुस्साए लोगों ने एसडीओ कार्यालय की घेराबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया। 

उपकेंद्रों पर विरोध प्रदर्शन

इसके साथ ही लोगों ने इंदिरानगर सेक्टर-25 और जानकीपुरम उपकेंद्रों का घेराव कर नाराजगी जाहिर की। पीजीआई इलाके में बिजली न होने से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।रायबरेली रोड पर लंबी कतार लग गई। इसके अलावा मुनेश्वरपुरम, बादशाहखेड़, प्रभातपुरम, सोना विहार और फैजुल्लागंज में भी बिजली गुल के विरोध में लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। 

 ट्रांसफॉर्मर में आग 

बिजली कटौती की समस्या के बीच चिनहट तिराहे पर फ्लाईओवर के नीचे 100 केवी के ट्रांसफॉर्मर में आग लगने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई। इस कारण अयोध्या रोड की स्ट्रीट लाइटें न होने से अंधेरा छाया रहा, जिस कारण रात में आने-जाने वालों के लिए मुसीबत खड़ी हो गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद सड़क जाम और प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। प्रदर्शन के कारण सड़कों पर घंटो तक लंबा जाम लगा रहा।

अन्य प्रमुख खबरें