Kannauj Bus Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, स्कूल बस में ट्रक ने मारी टक्कर, 4 छात्रों की मौत

खबर सार :-

Kannauj Bus Accident: कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे चार स्कूली छात्रों की मौत हो गई। बस सवार बच्चे पिकनिक से लौट रहे थे। तभी ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के वक्त मौके पर चीख-पुकार मच गई।
Kannauj Bus Accident: स्कूल बस में ट्रक ने मारी टक्कर, 4 छात्रों की मौत

खबर विस्तार : -

Kannauj Bus Accident: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें चार स्कूली छात्रों की मौत हो गई और लगभग 35 बच्चे घायल हो गए। यह हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 209 किलोमीटर पर तब हुआ जब टॉयलेट के लिए खड़ी स्कूली बच्चों से भरी एक बस में एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वहां चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।

बस में 50 छात्र थे सवार

मिली जानकारी के मुताबिक बस छात्रों को पिकनिक के लिए कौशाम्बी से आगरा ले गई थी। मंगलवार को जब वे वापस लौट रहे थे, तो एक्सप्रेसवे पर रुकी हुई बस को पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर बच्चों की चीख-पुकार मच गई। हादसे के समय बस में लगभग 50 छात्र और 6 शिक्षक मौजूद थे।

हादसे में चार छात्रों की मौत

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य चलाया गया और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए तिरवा स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि कौशांबी से लगभग 50 छात्रों और स्टाफ को लेकर जा रही एक स्कूल बस मथुरा से लौट रही थी। सुबह करीब 5:45 बजे, आगरा से लखनऊ की ओर जाने वाले एक्सप्रेसवे पर 209वें किलोमीटर के पास, एक ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी। 

ये भी पढ़ेंः- झांसी के NH-27 पर भीषण हादसा, हाईवे पर खड़े युवकों को तेज रफ्तार बस ने रौंदा, दो चालकों की मौत

तिरवा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया। स्कूल के प्रिंसिपल और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें कानपुर रेफर किया जा रहा है। वहीं, मामूली रूप से घायल 22 बच्चों का इलाज तिरवा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घायल छात्रों में से एक ने बताया कि बस कन्नौज इलाके में रुकी थी ताकि छात्र वॉशरूम जा सकें, तभी ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। बस में लगभग 50 बच्चे सवार थे। फिलहाल हादसे के बाद, पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। उधर घटना की सूचना पर बच्चों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्नौज जिले में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया है। सीएम योगी ने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। सीएम ने यह भी निर्देश दिया है कि मृतकों के परिवारों से संपर्क किया जाए और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा, उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

ये भी पढ़ेंः- गुजरात के कच्छ में भयानक रोड एक्सीडेंटः ट्रेलर-कार की टक्कर में 7 की मौत, वाहन को काटकर निकाले गए शव

अन्य प्रमुख खबरें