खुशखबरी! सीएम योगी ने साढ़े तीन लाख रसोइयों के लिए की बड़ी घोषणाएं, मानदेय और कैशलेस इलाज...

खबर सार :-

सीएम योगी आदित्यनाथ ने 3.53 लाख रसोइयों के लिए मानदेय 3,000 रुपये करने, 2 लाख दुर्घटना सहायता और 5 लाख तक कैशलेस इलाज समेत चार घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री की घोषणाओं को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले रसोइया वर्ग तक सरकार की पहुंच मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
रसोइयों के लिए सीएम योगी ने की बड़ी घोषणा, किया सम्मानित

खबर विस्तार : -

लखनऊः उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को 3.53 लाख रसोइयों के लिए सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई बड़ी घोषणाएं कीं। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित रसोइया सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने रसोइयों के मानदेय और सामाजिक सुरक्षा बढ़ाने की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर कानून-व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय और सहायता प्राप्त स्कूलों में काम कर रहे 3.53 लाख रसोइयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सरकार ने उनके हितों को ध्यान में रखते हुए चार प्रमुख फैसले किए हैं। इनमें रसोइयों का मानदेय बढ़ाकर 3,000 रुपये करना, दुर्घटना की स्थिति में दो लाख रुपये की सहायता, प्रत्येक रसोइया परिवार को सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा और ड्रेस के लिए मिलने वाली राशि को दोगुना करना शामिल है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 11 रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 1,500 रसोइयों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा जिला और तहसील स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां रसोइयों को सम्मानित किया गया।

शिक्षा व्यवस्था को लेकर पिछली सरकार पर हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में 2017 से पहले की प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय शिक्षा व्यवस्था की स्थिति खराब थी और गरीब परिवारों के बच्चों को कठिन परिस्थितियों में स्कूल जाना पड़ता था। योगी ने कहा कि आज सरकार बच्चों को यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और स्वेटर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था अब नकल से मुक्त होकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ रही है।

स्कूलों की जर्जर इमारतों को लेकर सोशल मीडिया पर सामने आ रहे वीडियो का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पुराने और जर्जर भवनों के वीडियो दिखाकर वर्तमान सरकार को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, इनमें से कई भवन पिछली सरकारों के कार्यकाल में बने थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसे जर्जर भवनों को चिह्नित कर उन्हें नए भवनों में बदलने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में स्कूलों की व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं।

स्कूलों में आधुनिक सुविधाओं का दावा

योगी आदित्यनाथ ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के विस्तार और स्कूलों में बालवाटिका, आईसीटी लैब सहित अन्य सुविधाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल स्कूलों की इमारतों को बेहतर बनाना नहीं है, बल्कि बच्चों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना भी है।

अखिलेश यादव पर ‘बबुआ’ कहकर तंज

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार चलाने के लिए समय और मेहनत दोनों की जरूरत होती है। उनकी सरकार लगातार योजनाओं और विभागों के काम की समीक्षा करती है, जिसके कारण योजनाओं के परिणाम दिखाई दे रहे हैं। योगी ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग दोपहर में उठते थे, तैयार होने के बाद शाम को जिम जाते थे और फिर महफिल जमती थी, उनके पास प्रदेश के लिए समय कहां था। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार के पास प्रदेश के लिए पर्याप्त समय है और इसी वजह से विकास योजनाओं के परिणाम जमीन पर दिखाई दे रहे हैं।

कानून-व्यवस्था पर भी सपा को घेरा

मुख्यमंत्री ने पिछली समाजवादी पार्टी सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर भी हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय जमीनों पर कब्जे होते थे और बेटियों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता रहती थी। योगी ने कहा कि मौजूदा सरकार ने कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दी है और महिलाओं तथा बेटियों की सुरक्षा के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है।

रसोइयों के लिए सामाजिक सुरक्षा का विस्तार

रक्षाबंधन से पहले की गई घोषणाओं को रसोइयों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनके सामाजिक और आर्थिक हितों को लेकर गंभीर है। मानदेय में बढ़ोतरी के साथ दुर्घटना सहायता और कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा से रसोइया परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने की कोशिश की गई है। कार्यक्रम में मौजूद रसोइयों ने सरकार की घोषणाओं का स्वागत किया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों और तहसीलों में भी सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए।

यह भी पढ़ेंः-CM योगी-मायावती और अखिलेश समेत 52 नेताओं को मिला सुरक्षा कवच, जानें बुलेटप्रूफ जैकेट की खासियत

अन्य प्रमुख खबरें