Milk Price Hike: अमूल-मदर डेयरी के बाद वेरका ने भी बढ़ाए दाम, 8 रुपये तक महंगा हुआ दूध

खबर सार :-

Verka Milk Price Hike: अमूल और मदर डेयरी के बाद, वेरका (Verka) ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो 13 नवंबर से लागू हो गई है। दूध की सभी श्रेणियों में प्रति किलोग्राम 4 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
Milk Price Hike: अमूल-मदर डेयरी के बाद वेरका ने भी बढ़ाए दूध के दाम

खबर विस्तार : -

Verka Milk Price Hike: आम आदमी का घरेलू बजट एक बार फिर बिगड़ गया है। देश के प्रमुख डेयरी ब्रांड्स के लगातार दूध के दाम बढ़ाए जाने से उपभोक्ताओं पर महंगाई की दोहरी मार पड़ी है। अमूल और मदर डेयरी की राह पर चलते हुए अब 'पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन लिमिटेड' के एक प्रमुख ब्रांड 'वेरका' (Verka) ने भी अपने दूध की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की है। वेरका ने अपने विभिन्न पैकेट वाले दूध उत्पादों के अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) में 1 रुपये से लेकर 8 रुपये तक की वृद्धि की है। ये नई और बढ़ी हुई कीमतें आज यानी शुक्रवार सुबह से लागू हो गई हैं। इस फैसले का सीधा असर पंजाब, चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली, कालका, रोपड़, दिल्ली-NCR और आसपास के क्षेत्रों के लाखों ग्राहकों पर पड़ेगा।

वेरका दूध की रेट लिस्ट

वेरका की नई मूल्य सूची के अनुसार, अब ग्राहकों को एक लीटर वाले पैकेट के लिए 2 से 4 रुपये अधिक चुकाने होंगे। 'फुल क्रीम' दूध के एक लीटर पैकेट की कीमत अब 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये हो गई है। इसी तरह, 'स्टैंडर्ड' दूध के एक लीटर पैकेट की कीमत 65 रुपये से बढ़कर 69 रुपये हो गई है। वहीं, 'टोन्ड' दूध के एक लीटर पैकेट की कीमत 59 रुपये से बढ़कर 61 रुपये हो गई है। जबकि 'डबल टोन्ड' दूध की कीमत 53 रुपये से बढ़कर 55 रुपये कर दी गई है।

इसी तरह आधे लीटर (500 मिली) वाले पैकेट जिन्हें अक्सर छोटे परिवारों द्वारा खरीदा जाता है भी महंगे हो गए हैं। 'फुल क्रीम' दूध के 500 मिली पैकेट की कीमत 36 रुपये से बढ़कर 38 रुपये हो गई है। 'स्टैंडर्ड' दूध के 500 मिली पैकेट की कीमत 33 रुपये से बढ़कर अब 35 रुपये हो गई है। जबकि गाय का दूध 31 रुपये से 33 रुपये कर दिया गया है । इसके अलावा, 500 एमएल वाले अन्य वेरिएंट्स की कीमतों में भी 1 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब आधा लीटर टोन्ड दूध 30 रुपये की जगह 31 रुपये का मिलेगा। डबल-टोन्ड दूध के 500 एमएल पैक की कीमत 27 रुपये से बढ़ाकर 28 रुपये कर दी गई है। इसी तरह, स्किम्ड दूध के आधे लीटर वाले पैकेट की कीमत 24 रुपये से बढ़कर 25 रुपये हो गई है।

ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा ज्यादा असर 

बड़े पैक खरीदने वाले ग्राहकों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ेगा, क्योंकि इनकी कीमतों में 6 से 8 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। फुल-क्रीम दूध के 1.5 लीटर पैक की कीमत 106 रुपये से बढ़कर 112 रुपये हो गई है। इसी तरह, 1.5 लीटर स्टैंडर्ड दूध अब 96 रुपये की जगह 102 रुपये का मिलेगा, और 1.5 लीटर गाय के दूध की कीमत 90 रुपये से बढ़कर 96 रुपये हो गई है। 2 लीटर वाले पैक की बात करें तो, इनकी कीमतों में 8 रुपये की भारी बढ़ोतरी हुई है। 2 लीटर फुल-क्रीम दूध की कीमत 142 रुपये से बढ़कर 150 रुपये हो गई है। वहीं, 2 लीटर स्टैंडर्ड दूध का पैक अब 128 रुपये के बजाय 136 रुपये में मिल रहा है।

ये भी पढ़ेंः- महंगाई का डबल अटैक! अक्टूबर में खुदरा महंगाई 6.09 प्रतिशत पर पहुंची, प्याज के दाम 116 फीसदी उछले

छोटे पैक की कीमतों में कोई बदलाव नहीं

कीमतों में इस बढ़ोतरी के बीच, फेडरेशन ने कुछ छोटे पैक खरीदने वाले ग्राहकों को थोड़ी राहत दी है। वेरका (Verka) के 180 ml डबल-टोन्ड दूध और 350 ml टोन्ड दूध की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके अलावा, खुले या बल्क में बिकने वाले दूध के दाम और विक्रेताओं का मार्जिन भी पहले जैसा ही रहेगा। हालांकि, कुछ उत्पादों की कीमतें स्थिर रखते हुए, कंपनी ने कुछ पैक में दूध की मात्रा कम करने का फैसला किया है। फेडरेशन के अनुसार, पैकेजिंग फिल्म का मौजूदा स्टॉक खत्म होने के बाद, 350 ml टोन्ड दूध के पैक में मात्रा घटाकर 320 ml कर दी जाएगी। इसी तरह, 450 ml वाले स्टैंडर्ड दूध के पैकेट में अब केवल 430 ml दूध ही मिलेगा। 

अमूल और मदर डेयरी ने ग्राहकों को दिया बड़ा झटका

गौरतलब है कि वेरका के इस फैसले से ठीक एक दिन पहले, देश की दो सबसे बड़ी डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने भी उपभोक्ताओं को एक बड़ा झटका दिया। दोनों कंपनियों ने 12 नवंबर से दूध की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की है, जो 2 रुपये से लेकर 6 रुपये प्रति लीटर तक है। इस बढ़ोतरी के बाद, अमूल के भैंस के दूध की कीमत 86 रुपये प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है।

अमूल और मदर डेयरी के इस कदम ने अन्य क्षेत्रीय सहकारी डेयरी यूनियनों पर भी अपनी कीमतें बढ़ाने का दबाव डाल दिया है। दिल्ली-एनसीआर और पूरे उत्तर भारत में इन तीन बड़े ब्रांडों की बाजार में बड़ी हिस्सेदारी है। नतीजतन, महज दो दिनों के भीतर तीनों कंपनियों द्वारा कीमतें बढ़ा दिए जाने से आम जनता के मासिक घरेलू खर्च में काफी इजाफा हो गया है।

डेयरी उत्पाद और होंगे महंगे 

सर्दियों की शुरुआत के साथ, दूध जैसी जरूरी चीज की बढ़ती कीमत आम परिवारों के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बन गई है। माना जा रहा है कि दूध की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर आने वाले दिनों में दही, पनीर, घी और मिठाइयों की कीमतों पर भी पड़ेगा। इससे होटलों, रेस्तरां और चाय की दुकानों की परिचालन लागत (ऑपरेशनल कॉस्ट) भी बढ़ जाएगी जिसका बोझ अंततः सीधे आम उपभोक्ताओं पर ही पड़ेगा।

ये भी पढ़ेंः- सोने-चांदी की चमक पड़ी फीकी! गोल्ड 2,150 रुपये तक टूटा, चांदी में भी बड़ी गिरावट

अन्य प्रमुख खबरें