बजाज फाइनेंस FD पर बढ़ी ब्याज दरें, सीनियर सिटिजन्स को 8.15% और रिन्यूअल पर 8.25% तक ब्याज

खबर सार :-

बजाज फाइनेंस ने 7 अक्टूबर से FD की दरें 0.15-0.40% बढ़ा दी हैं। सामान्य ग्राहकों को 7.75% और सीनियर सिटिजन्स को 8.15% तक ब्याज मिलेगा। रिन्यूअल पर दर 8.25% तक पहुंच गई है।
बजाज फाइनेंस FD पर बढ़ा ब्याज, सीनियर सिटिजन्स को 8.15% तक रिटर्न

खबर विस्तार : -

Bajaj Finance FD Rates: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से रेपो रेट को 5.25% से बढ़ाकर 5.50% करने के ऐलान के बाद बजाज फाइनेंस ने फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने 12 से 60 महीने की अलग-अलग अवधि वाली FD पर ब्याज दरों में 15 से 40 बेसिस प्वाइंट यानी 0.15 से 0.40 प्रतिशत अंक तक की वृद्धि की है। नई दरें 7 अक्टूबर 2026 से लागू हो गई हैं।

बजाज फाइनेंस के मुताबिक, संशोधित ब्याज दरें नई FD कराने के साथ-साथ मैच्योर हो रही FD के रिन्यूअल पर भी लागू होंगी। FD में निवेश की शुरुआत 15,000 रुपये से की जा सकती है। ग्राहक FD को ऑनलाइन वेबसाइट और ऐप के जरिए बुक या रिन्यू करा सकते हैं। इसके अलावा कंपनी की शाखाओं और पार्टनर चैनलों के माध्यम से भी यह सुविधा उपलब्ध है।

31 से 60 महीने की FD पर सबसे ज्यादा ब्याज

नई दरों में सबसे बड़ी बढ़ोतरी 31 से 60 महीने की अवधि वाली FD पर हुई है। सामान्य जमाकर्ताओं के लिए इस अवधि की ब्याज दर 7.40% से बढ़ाकर 7.75% सालाना कर दी गई है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए दर 7.75% से बढ़कर 8.15% सालाना हो गई है। ये दरें मैच्योरिटी पर ब्याज भुगतान वाले विकल्प के लिए हैं। 12 से 17 महीने की FD पर सामान्य ग्राहकों के लिए ब्याज दर 6.60% से बढ़कर 6.80% हो गई है। 18 से 30 महीने की FD पर दर 6.85% से बढ़कर 7% कर दी गई है। वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य ग्राहकों की तुलना में अतिरिक्त ब्याज मिलता है। नई दरों के तहत उन्हें 12 से 17 महीने की FD पर 7.20%, 18 से 30 महीने पर 7.40% और 31 से 60 महीने की FD पर 8.15% सालाना ब्याज मिलेगा।

ये भी पढ़ें......RBI का सख्त संदेश: अभी नहीं घटेंगी ब्याज दरें, रेपो 5.50%, EMI पर बढ़ेगा दबाव

रिन्यूअल पर भी मिलेगा अतिरिक्त फायदा

मैच्योर होने वाली FD को रिन्यू कराने वाले ग्राहकों के लिए कंपनी ने अतिरिक्त ब्याज का प्रावधान किया है। रिन्यूअल कराने पर सामान्य ग्राहकों को मौजूदा दर के ऊपर 0.10 प्रतिशत अंक अतिरिक्त ब्याज मिलेगा। इसका मतलब है कि 31 से 60 महीने की रिन्यू FD पर सामान्य जमाकर्ताओं को अधिकतम 7.85% सालाना ब्याज मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए इसी अवधि की रिन्यू FD पर ब्याज दर 8.25% सालाना तक पहुंच जाएगी। यह संशोधित दरों में सबसे ऊंची ब्याज दर है।

ब्याज लेने के कई विकल्प

निवेशक अपनी जरूरत के अनुसार ब्याज का भुगतान मासिक, तिमाही, छमाही, सालाना या मैच्योरिटी पर लेने का विकल्प चुन सकते हैं। 31 से 60 महीने की नई FD में मासिक भुगतान विकल्प चुनने पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए सालाना ब्याज दर 7.86% है। रिन्यूअल वाली FD में यह दर 7.96% तक पहुंचती है। इसी अवधि में सामान्य ग्राहकों के लिए मासिक भुगतान वाली नई FD की दर 7.49% और रिन्यूअल पर 7.59% है। भुगतान की आवृत्ति बदलने पर प्रभावी सालाना दर भी अलग हो सकती है।

Bajaj Finance FD rates-Senior Citizen FD-8.25% interest

नई FD पर ब्याज दरें

कंपनी की ओर से 15,000 रुपये से 3 करोड़ रुपये तक की FD के लिए 7 अक्टूबर 2026 से नई दरें लागू की गई हैं। 12 से 17 महीने की FD पर सामान्य ग्राहकों को मैच्योरिटी पर 6.80% और मासिक ब्याज भुगतान के विकल्प में 6.60% सालाना ब्याज मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए इसी अवधि में मैच्योरिटी पर 7.20% और मासिक भुगतान पर 6.97% ब्याज मिलेगा। 18 से 30 महीने की FD पर सामान्य ग्राहकों को मैच्योरिटी पर 7% और मासिक भुगतान पर 6.79% ब्याज मिलेगा, जबकि वरिष्ठ नागरिकों को क्रमशः 7.40% और 7.16% ब्याज मिलेगा। वहीं, 31 से 60 महीने की FD पर सामान्य ग्राहकों को मैच्योरिटी पर अधिकतम 7.75% और मासिक भुगतान पर 7.49% सालाना ब्याज मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए इस अवधि में मैच्योरिटी पर 8.15% और मासिक भुगतान पर 7.86% ब्याज तय किया गया है। इसके अलावा तिमाही, छमाही और सालाना ब्याज भुगतान का विकल्प भी उपलब्ध है। 31 से 60 महीने की FD में सामान्य ग्राहकों को तिमाही भुगतान पर 7.53%, छमाही भुगतान पर 7.61% और सालाना भुगतान पर 7.75% ब्याज मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए इन विकल्पों पर ब्याज दर क्रमशः 7.91%, 7.99% और 8.15% सालाना है।

रिन्यूअल पर 8.25% तक पहुंची दर

रिन्यूअल में 12 से 17 महीने की अवधि पर सामान्य ग्राहकों को मैच्योरिटी पर 6.90% और वरिष्ठ नागरिकों को 7.30% मिलेगा। 18 से 30 महीने के लिए ये दरें क्रमशः 7.10% और 7.50% हैं। वहीं, 31 से 60 महीने की रिन्यू FD पर सामान्य ग्राहकों के लिए 7.85% और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 8.25% सालाना ब्याज है। बजाज फाइनेंस के जमा और एसेट मैनेजमेंट कारोबार के वरिष्ठ कार्यकारी उपाध्यक्ष सचिन सिक्का के अनुसार, FD संतुलित बचत पोर्टफोलियो में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, खासकर उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए जो पहले से तय रिटर्न चाहते हैं। कंपनी ने लंबी अवधि की FD पर ज्यादा दर बढ़ाने का फैसला किया है, ताकि जमाकर्ता पांच साल तक के लिए ऊंची ब्याज दर लॉक कर सकें।

ये भी पढ़ें....महंगाई के डर से RBI का बड़ा दांव, रेपो रेट 5.50% हुआ; कर्ज और EMI पर बढ़ेगा बोझ

FAQ (पूछे जाने वाले सामान्य सवाल)....

1.बजाज फाइनेंस FD पर अधिकतम कितना ब्याज मिलेगा?

सामान्य ग्राहकों को 31-60 महीने की FD पर 7.75% और वरिष्ठ नागरिकों को 8.15% सालाना ब्याज मिलेगा। रिन्यूअल पर यह दर क्रमशः 7.85% और 8.25% तक है।

2.बजाज फाइनेंस की नई FD दरें कब से लागू हैं?

बजाज फाइनेंस की संशोधित FD ब्याज दरें 7 अक्टूबर 2026 से लागू हो गई हैं। ये नई FD और मैच्योर हो रही FD के रिन्यूअल पर लागू हैं।

3.बजाज फाइनेंस FD में न्यूनतम कितना निवेश कर सकते हैं?

बजाज फाइनेंस FD में न्यूनतम 15,000 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है। ग्राहक FD ऑनलाइन या कंपनी की शाखाओं और पार्टनर चैनलों के जरिए बुक या रिन्यू करा सकते हैं।

 

अन्य प्रमुख खबरें