टाटा मोटर्स की नई सेडान 'एरिस' 25 सितंबर को देगी दस्तक, टिगोर का फेसलिफ्ट अवतार होगी यह गाड़ी

खबर सार :-

टाटा मोटर्स 25 सितंबर को अपनी नई सेडान 'Tata Aeris' को पेश करने जा रही है। जानिए इसके फीचर्स, डिजाइन और संभावित कीमतों से जुड़ी हर जानकारी।
Tata Aeris Sedon Launch: टाटा मोटर्स 25 सितंबर को लाएगी नई कार

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने अपनी आगामी सेडान कार 'एरिस' का टीज़र वीडियो जारी करते हुए इसके आधिकारिक पर्दाफाश की तारीख की घोषणा कर दी है। कंपनी के अनुसार, यह नई कार इसी हफ्ते 25 सितंबर को बाजार में अपनी पहली झलक दिखाएगी और इसे वर्तमान में मौजूद टिगोर के नए रूप (फेसलिफ्ट) के तौर पर पेश किया जाएगा। इस नए मॉडल को लेकर वाहन प्रेमियों में काफी उत्सुकता बनी हुई है, और आने वाले दिनों में इससे जुड़ी अन्य जानकारियां भी साझा किए जाने की उम्मीद है।

पहले की तुलना में अधिक आकर्षक

टीज़र वीडियो में सामने आए संकेतों के मुताबिक, इस सेडान के अगले हिस्से को पहले की तुलना में अधिक आकर्षक और स्लीक बनाया गया है। इसमें पतली एलईडी हेडलाइट्स के साथ उनके ऊपर एक पतली डीआरएल पट्टी दी गई है, जो इसे आधुनिक लुक देती है। इसके अलावा, वीडियो से यह भी पता चलता है कि इसमें एलईडी फॉग लैंप भी शामिल किए गए हैं, जो मौजूदा टिगोर मॉडल में नहीं मिलते हैं। कार के बाहरी हिस्से में नए डिजाइन की टेल-लाइट्स, पारंपरिक पुल-टाइप डोर हैंडल और एक नया बैंगनी रंग (पर्पल शेड) भी देखने को मिलेगा।

डिजाइन पेटेंट छवियों से यह भी स्पष्ट होता है कि इसके पिछले बंपर के दोनों तरफ रिफ्लेक्टर दिए गए हैं। इसमें टिगोर की तरह ही नॉचबैक-शैली की ढलान वाली रूफलाइन को बरकरार रखा गया है। इसके पहियों का डिजाइन नया है और इनका आकार मौजूदा सेडान की तरह 15 इंच हो सकता है। कंपनी इस बात का ध्यान रख रही है कि यह सिर्फ एक मामूली फेसलिफ्ट न हो, बल्कि इसमें शीट मेटल में भी बदलाव किए जाएं। वहीं, इस इलेक्ट्रिक संस्करण (EV) का ढांचा भी लगभग सामान्य पेट्रोल संस्करण जैसा ही होगा, हालांकि इसमें कुछ ईवी-विशिष्ट बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

 Tata Tigor

कार के अंदरूनी हिस्सों की जानकारी सामने आना बाकी

कार के अंदरूनी हिस्सों की आधिकारिक जानकारी अभी सामने आनी बाकी है, लेकिन माना जा रहा है कि इसका अधिकांश इंटीरियर टियागो से लिया जा सकता है, जिसे इस साल की शुरुआत में एक बड़ा अपडेट मिला था। नतीजतन, इस सेडान में बदला हुआ डैशबोर्ड डिजाइन और एक फ्रीस्टैंडिंग टचस्क्रीन जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं। अइसके लावा, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, पावर एडजस्टेबल ओआरवीएम, मानक रूप से 6 एयरबैग, रियर एसी वेंट और फास्ट-चार्जिंग पोर्ट जैसी सुविधाएं भी इसमें शामिल हो सकती हैं।

संभावित इंजन विकल्प और तकनीकी पक्ष

पावरट्रेन के मामले में, एरिज़ में मौजूदा टिगोर वाले इंजन विकल्प ही दिए जाने की संभावना है। इसमें 1.2-लीटर पेट्रोल और पेट्रोल-सीएनजी दोनों विकल्प मिल सकते हैं, जिन्हें 5-स्पीड मैनुअल या 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। दूसरी ओर, इसका इलेक्ट्रिक वेरिएंट (एरिस ईवी) टियागो ईवी के 19.2kWh और 24kWh बैटरी पैक विकल्पों को अपना सकता है।

कीमत और खरीदारी के विकल्प

इस फेसलिफ्ट मॉडल के आने के बाद कीमतों में थोड़ा बदलाव होने की उम्मीद है। वर्तमान में टाटा टिगोर की एक्स-शोरूम कीमत 5.55 लाख रुपये से 8.84 लाख रुपये के बीच है, जबकि टिगोर ईवी की एक्स-शोरूम कीमत 12.49 लाख रुपये से 13.75 लाख रुपये के बीच है। टियागो इलेक्ट्रिक की तरह ही, एरिज़ ईवी को भी शुरुआती कीमत कम रखने के लिए 'बैटरी-एज-ए-सब्सक्रिप्शन' (BaaS) विकल्प के साथ पेश किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें :-कावासाकी ने पेश की 2027 निंजा एच2, नए इंजन और अपडेटेड फीचर्स के साथ यूरोपीय बाजारों में वापसी

अन्य प्रमुख खबरें