US Iran Talks: अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का पाकिस्तान दौरा रद्द, राष्ट्रपति ट्रंप ने बताई यह वजह

खबर सार :-
US Iran Talks: शनिवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पाकिस्तान में सेना प्रमुख असीम मुनीर से मुलाकात की। वहीं अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया।

US Iran Talks: अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का पाकिस्तान दौरा रद्द, राष्ट्रपति ट्रंप ने बताई यह वजह
खबर विस्तार : -

US Iran Talks: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और सलाहकार जेरेड कुशनर की पाकिस्तान यात्रा रद्द कर दी है। यह यात्रा पाकिस्तान के इस्लामाबाद में ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत के प्रस्तावित दूसरे दौर के लिए तय की गई थी। राष्ट्रपति ट्रंप ने यह फैसला ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के इस्लाबाद पहुंचने के बाद लिया है। 

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर बताया कि यह यात्रा ईरानी नेतृत्व के भीतर "भारी आंतरिक कलह और भ्रम" की स्थिति के कारण रद्द की गई है। उन्होंने कहा कि यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि ईरान के भीतर असल फैसले लेने वाला कौन है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर ईरान बातचीत करना चाहता है, तो उसे खुद ही पहल करनी होगी। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि इस क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए पाकिस्तान के प्रयास महत्वपूर्ण हैं, और ईरान उनकी सराहना करता है।

युद्ध पर विचार नहीं

हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी साफ किया कि इस यात्रा को रद्द करने का मतलब यह नहीं है कि इस क्षेत्र में एक बार फिर कोई सैन्य टकराव शुरू होने वाला है। उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसे किसी भी हालात पर विचार नहीं किया जा रहा है। इससे पहले, ट्रंप ने संकेत दिया था कि अमेरिका "सही नेतृत्व" के साथ बातचीत कर रहा है, फिर भी ठीक एक दिन पहले ही उन्होंने यह भी माना था कि ईरान के भीतर असल नेतृत्व को लेकर स्पष्टता की कमी है।

ईरान ने बताईं शर्तें

ईरान ने संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ किसी भी सीधी बातचीत में शामिल होने से इनकार कर दिया है। इसी कारण से ईरान ने पाकिस्तान के सामने अपना पक्ष रखा है। रिपोर्टों के अनुसार, ईरान ने संयुक्त राज्य अमेरिका और इजराइल के साथ चल रहे तनाव को सुलझाने के लिए अपनी शर्तें पाकिस्तान को सौंप दी हैं। इसके अलावा अराघची ने अमेरिकी पक्ष द्वारा रखी गई मांगों के संबंध में अपनी आपत्तियों को स्पष्ट रूप से व्यक्त किया।

अपनी बातों पर अड़े अमेरिका-ईरान

संयुक्त राज्य अमेरिका ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में नाकेबंदी जारी रहेगी। दूसरी ओर, ईरान अपनी बात पर अड़ा हुआ है कि जब तक अमेरिकी सैन्य नाकेबंदी जारी रहेगी, तब तक होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहेगा। होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से तेल टैंकरों का आवागमन बाधित हो रहा है। परिणामस्वरूप, दुनियाभर के विभिन्न देशों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और कई देशों में आर्थिक चुनौतियां उभरने लगी हैं।

अन्य प्रमुख खबरें