West Bengal Violence: पीए चंद्रनाथ की हत्या के बाद सुवेंदु अधिकारी की अपील-“संयम बरतें पार्टी कार्यकर्ता, कानून हाथ में लेने से बचें”

खबर सार :-
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या और उसके बाद पानीहाटी में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए बम हमले ने राज्य की राजनीति में तनाव बढ़ा दिया है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस जांच में जुटी है। लगातार बढ़ती राजनीतिक हिंसा ने कानून-व्यवस्था और चुनाव बाद माहौल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

West Bengal Violence:  पीए चंद्रनाथ की हत्या के बाद सुवेंदु अधिकारी की अपील-“संयम बरतें पार्टी कार्यकर्ता, कानून हाथ में लेने से बचें”
खबर विस्तार : -

West Bengal Violence: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी। इसे चुनावी रंजिश में की गई हत्या माना जा रहा है, जिसे लेकर राज्य की जनता में काफी आक्रोश है। इस घटना के बाद भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को शांत कराने की कोशिश की है। उन्होंने सभी समर्थकों से संयम बरतने और कानून को अपने हाथ में लेकर किसी भी तरह की जवाबी कार्रवाई से दूर रहने को कहा है।

जांच अधिकारियों को सीसीटीवी फुटेज में मिले अहम सुरागः पुलिस महानिदेशक

उत्तरी 24 परगना जिले के मध्यमग्राम स्थित 'वीवा सिटी हॉस्पिटल' परिसर में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि इस नृशंस घटना से उपजे आक्रोश के बावजूद भाजपा समर्थकों को पुलिस की ओर से की जा रही जांच पर भरोसा रखना चाहिए, संयम बरतना चाहिए और कानून को अपने हाथ में लेकर किसी भी तरह की जवाबी कार्रवाई से बचना चाहिए। उन्होंने कहा, इस हत्या के पीछे राजनीतिक संबंधों की प्रबल संभावना है। मैं इस समय इस मुद्दे पर और कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। मैंने राज्य के पुलिस महानिदेशक सिद्धार्थ नाथ गुप्ता से चर्चा की है। उन्होंने मुझे बताया कि जांच अधिकारियों को हत्या स्थल के पास लगे सीसीटीवी की फुटेज से कुछ सुराग मिले हैं। इसलिए, पुलिस जांच पर भरोसा रखें। दुख की इस घड़ी में हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं से मेरी यह विनम्र अपील है कि वे संयम बरतें और कानून को अपने हाथ में न लें। कृपया शांति बनाए रखें।

चंद्रनाथ के परिवार की पूरी जिम्मेदारी लेगी पार्टी, ड्राइवर का होगा बेहतर इलाज

सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि पार्टी चंद्रनाथ के परिवार की पूरी जिम्मेदारी लेगी। उन्होंने यह भी वादा किया कि पार्टी चंद्रनाथ के वाहन चालक बुद्धदेव बेरा के इलाज की जिम्मेदारी भी लेगी। बुद्धदेव बेरा को भी गोली मारी गई थी, जिसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है।

तृणमूल कांग्रेस ने की घटना की निंदा, सीबीआई जांच कराने की मांग

हालांकि, इस घटना पर तृणमूल कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक बयान जारी कर अदालत की निगरानी में सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। टीएमसी ने अपने बयान में कहा, ‘हम इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच भी शामिल है, ताकि दोषियों की पहचान हो सके और उन्हें बिना किसी देरी के सजा दिलाई जा सके। लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं की कोई जगह नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

Panihati Bombing-BJP Worker-TMC

भाजपा कार्यकर्ताओं पर फेंके बम, पांच घायल

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर देसी बम फेंके जाने की घटना में कम से कम पांच लोग घायल हो गए। यह हमला सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के कुछ घंटों बाद हुआ। पुलिस के अनुसार, घटना आधी रात के बाद पानीहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर-2 स्थित दत्ता रोड पर हुई। बताया जा रहा है कि कुछ भाजपा कार्यकर्ता आम लोगों से बातचीत कर रहे थे, तभी बाइक पर सवार कुछ बदमाश वहां पहुंचे। चश्मदीदों के मुताबिक, बाइक पर आए चार लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर बम फेंके। तीन बम फेंके गए, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। इस हमले में पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घायलों को गंभीर हालत में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने के बाद खड़दहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। केंद्रीय बलों को भी तैनात किया गया। पुलिस ने हालात को नियंत्रण में लेकर इलाके में गश्त शुरू कर दी। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

यह घटना 15 साल के महा जंगलराज का नतीजाः अधिकारी

मध्यग्राम घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सुवेंदु अधिकारी ने बमबारी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ''राज्य में पिछले 15 साल से बदले की राजनीति चल रही है। यह 15 साल के महा जंगलराज का नतीजा है। बीती रात खड़दहा में बमबारी हुई और बसीरहाट में भाजपा कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई। हिंसा के जिम्मेदार लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा।'' भाजपा ने आरोप लगाया है कि पानीहाटी में हुई बमबारी के पीछे टीएमसी का हाथ है। पानीहाटी, मध्यग्राम से करीब 7 किलोमीटर दूर है, जहां सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की घर लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

भाजपा का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस से जुड़े बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। 4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से राज्य के अलग-अलग हिस्सों से चुनाव बाद हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। कुछ जगहों पर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट, पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ और पोस्टर फाड़ने की घटनाएं हुई हैं। वहीं कई जगह भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस का कहना है कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

West Bengal Violence-Chandranath Rath Murder

सात साल सुवेंदु अधिकारी की परछाई बनकर रहे चंद्रनाथ

चंद्रनाथ  रथ पश्चिम बंगाल भाजपा के नेता सुवेंदु अधिकारी के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में थे।  परिवार वालों का कहना है कि वह छात्र जीवन से ही आध्यात्मिक प्रवृत्ति के थे और एक समय उन्होंने संन्यासी बनने की इच्छा भी जताई थी। पूर्वी मिदनापुर जिले के रहने वाले चंद्रनाथ रथ (42 ) भारतीय वायुसेना के पूर्व कर्मी थे। पूर्वी मिदनापुर सुवेंदु अधिकारी अधिकारी का भी गृह जिला है। उनका परिवार लंबे समय से अधिकारी परिवार के करीब रहा था। जब सुवेंदु अधिकारी टीएमसी में थे, तब यह परिवार उनके साथ ही रहा। बाद में 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सुवेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल हो गए थे।

18 साल तक भारतीय वायुसेना में की सेवा

करीब 18 साल तक भारतीय वायुसेना में सेवा देने के बाद चंद्रनाथ रथ ने 2019 में स्थायी रूप से सुवेंदु अधिकारी के पूर्णकालिक सहयोगी और निजी सहायक के रूप में काम शुरू किया। उस समय अधिकारी, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार में मंत्री थे। 2021 विधानसभा चुनाव से पहले जब सुवेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल हुए, तब भी चंद्रनाथ उनकी परछाई की तरह उनके साथ रहे। 2021 में नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराकर जीतने के बाद अधिकारी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने और उन्होंने रथ को अपना निजी सहायक चुना।

सरकार बनने पर बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चा पर लगा विराम

सुवेंदु अधिकारी के व्यस्त कार्यक्रम तय करने से लेकर फाइलों की देखभाल तक, बैठकों की तैयारी कराने से लेकर फोन संभालने तक, पिछले सात वर्षों में चंद्रनाथ रथ सुवेंदु अधिकारी के राजनीतिक जीवन का अहम हिस्सा बन गए थे। इस साल विधानसभा चुनाव से पहले मीडिया और अधिकारी के करीबी लोगों के बीच यह चर्चा थी कि अगर पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है और सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बनते हैं, तो चंद्रनाथ रथ निश्चित रूप से मुख्यमंत्री के कार्यकारी सहायक बनाए जाएंगे। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है। सुवेंदु अधिकारी ने दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट से ममता बनर्जी को हराने के साथ-साथ अपनी पारंपरिक नंदीग्राम सीट से भी जीत दर्ज की।

 

अन्य प्रमुख खबरें